
खाड़ी देशों में फंसे 50 परिवारों ने किया सम्पर्क
सीएम हेल्पलाइन पर भी दर्ज हो रही हैं सूचनाएं, दिल्ली के बाद भोपाल के वल्लभ भवन में भी कंट्रोल रूम कर दिया स्थापित
इंदौर। अभी ईरान-इजराइल (Iran-Israel) के बीच चल रहे युद्ध (war) के चलते पेट्रोल-डीजल (petrol, diesel) और रसोई गैस (cooking gas) की किल्लत से जुड़े समाचार सोशल मीडिया पर भी खूब वायरल हो रहे हैं, जिसके चलते कल अपर मुख्य सचिव खाद्य रश्मि अरुण शमी ने सभी ऑइल कम्पनियों की बैठक ली, जिसमें बताया गया कि इंदौर सहित प्रदेशभर में पेट्रोलियम पदार्थों, यानी पेट्रोल-डीजल के साथ-साथ रसोई गैस का भी फिलहाल पर्याप्त भंडारण है और अब इसकी जमाखोरी और कालाबाजारी भी नहीं होने दी जाएगी।
दूसरी तरफ खाड़ी देशों में फंसे या रह रहे प्रदेश के लोगों की सहायता के लिए पहले दिल्ली में कंट्रोल रूम बनाया गया था और ईमेेल-व्हाट्सऐप नम्बर भी जारी किए गए, जिसके चलते 50 परिवारों ने सम्पर्क कर अपने पंजीयन भी करवाए और कल से भोपाल के वल्लभ भवन में भी एक कंट्रोल रूम स्थापित कर दिया है, जो पर्यटन, उद्यमी, नौकरी, पढ़ाई या अन्य कार्यों से खाड़ी देशों में रह रहे प्रदेश के रहवासियों की सहायता करेगा। आम जनता में पेट्रोलियम पदार्थों को लेकर किसी तरह का भ्रम ना रहे, उसके चलते प्रदेश शासन ने महत्वपूर्ण जानकारी साझा की है, जिसमें कहा गया कि रसोई गैस के साथ-साथ पेट्रोल-डीजल का पर्याप्त भंडारण है और इसकी जानकारी ऑइल कम्पनियों के प्रतिनिधियो ंसे ली भी गई। उल्लेखनीय है कि वर्तमान अंतर्राष्ट्रीय परिदृश्य को देखते हुए मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव एवं खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण मंत्री गोविंद सिंह राजपूत ने पेट्रोलियम पदार्थों की उपलब्धता की समीक्षा के निर्देश दिये थे। समीक्षा बैठक में ऑयल कम्पनियों के प्रतिनिधियों ने बताया कि वर्तमान खपत को देखते हुए पेट्रोलियम पदार्थों का पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है। अपर मुख्य सचिव ने ऑयल कम्पनियों को जिलावार अपने फील्ड ऑफिसर तथा डिपो प्रभारी को संभागायुक्त एवं कलेक्टर से सम्पर्क करने तथा नियमित रूप से स्टॉक की जानकारी उपलब्ध कराने के निर्देश दिये। उन्होंने यह सुनिश्चित करने के निर्देश दिये कि डीजल, पेट्रोल एवं एलपीजी की जमाखोरी एवं कालाबाजारी किसी भी स्थिति में न हो। डीलर स्तर पर प्रतिदिन स्टॉक की समीक्षा की जाए। बैठक में कमिश्नर खाद्य श्री कर्मवीर शर्मा, एमडी नागरिक आपूर्ति निगम श्री अनुराग वर्मा और ऑयल कम्पनियों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे। म.प्र. के निवासियों की सुविधा के लिये भोपाल के वल्लभ भवन (मंत्रालय) में भी कंट्रोल रूम स्थापित किया गया है। प्रदेश के नागरिक आवश्यक सहायता के लिये नई दिल्ली के अतिरिक्त भोपाल कंट्रोल रूम के दूरभाष क्रमांक 0755-2708055, 0755-2708059, व्हाट्सऐप नंबर +917648862100 और संबंधित मेल आईडी पर संपर्क कर सकते है। सभी से अनुरोध है कि आवश्यक मदद के लिये नई दिल्ली या भोपाल कंट्रोल रूम से संपर्क किया जा सकता है।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved