
कई हिस्सों में बंद पड़ा है काम, व्यापारियों से लेकर वाहन चालकों की फजीहत
इन्दौर। दवा बाजार (Medicine Market) से लेकर जगन्नाथ धर्मशाला (Jagannath Dharamshala) तक धीमी गति से चल रहा सड़क निर्माण (Road Construction) कार्य अब वाहन चालकों से लेकर रहवासियों के लिए भी मुसीबत बनता जा रहा है, वहां रोज जाम लग रहा है। कल शाम को भी स्थिति इतनी खराब थी कि जाम में फंसी एम्बुलेंस को जैसे-तैसे निकाला गया।
निगम कमिश्नर क्षितिज सिंघल ने पिछले दिनों दौरे के दौरान अफसरो को छावनी का कार्य तेजी से पूरा करने को कहा था, मगर उसके बावजूद कई हिस्सों में काम ही बंद पड़ा है और कुछ हिस्सों में चल रहा है। सड़क की कुछ लेन बना दी गई है, जहां वाहन चालक गुजरते हैं, लेकिन कई जगह आधी-अधूरी सड़क के कारण जाम की स्थिति बन रही है। कल शाम को दवा बाजार के समीप वाहनों का दबाव बढ़ने के बाद स्थिति बिगड़ गई और दोनों और से वाहन चालक इसमें फंस गए। जाम में एक एम्बुलेंस भी काफी देर तक फंसी रही और बाद में कुछ लोगों ने जैसे-तैसे प्रयास कर एम्बुलेंस को जाम स निकाला। छावनी की सड़क के जो हिस्से तैयार हुए हैं, वहां से वाहन चालक तेजी से सरपट निकलने की होड़ में रहते हैं। कई हिस्से अभी भी आधे अधूरे हैं और कई जगह लाइनें बिछाने के काम भी पूरे नहीं हुए हैं। दीपावली के पहले छावनी क्षेत्र में खरीदारी के लिए लोगों की भीड़ उमड़ रही है और ऐसे में रोज वहां अलग-अलग हिस्सों में लगने वाले जाम में वाहन चालक फंस रहे हैं।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved