वॉशिंगटन। अमेरिका की राजधानी वॉशिंगटन डीसी (Washington dc) में बुधवार सुबह उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक वैन ने हाई सिक्योरिटी जोन (high security zone) में घुसने की कोशिश करते हुए बैरिकेड तोड़ दिए। यह घटना अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप (Donald Trump)के आधिकारिक आवास White House के पास हुई, जिसके बाद सुरक्षा एजेंसियां तुरंत अलर्ट हो गईं और पूरे इलाके को घेर लिया गया।
पुलिस के अनुसार यह घटना तड़के Lafayette Square इलाके में हुई, जो व्हाइट हाउस के ठीक उत्तर में स्थित है। बैरिकेड तोड़ने के तुरंत बाद सुरक्षा बलों ने कार्रवाई करते हुए वैन चालक को हिरासत में ले लिया। उससे पूछताछ की जा रही है। राहत की बात यह है कि इस घटना में किसी के घायल होने की खबर नहीं है।
अमेरिकी राष्ट्रपति की सुरक्षा संभालने वाली एजेंसी United States Secret Service ने कहा कि मामला एक संदिग्ध वाहन से जुड़ा है और इसकी विस्तृत जांच की जा रही है। घटना के बाद व्हाइट हाउस के आसपास की कई प्रमुख सड़कों को अस्थायी रूप से बंद कर दिया गया, जिससे सुबह के व्यस्त समय में यातायात प्रभावित हुआ।
सीक्रेट सर्विस ने बयान में कहा कि संदिग्ध वाहन के चालक को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है और यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि घटना के पीछे कोई साजिश थी या नहीं।
पहले से कड़ी थी सुरक्षा
यह घटना ऐसे समय हुई है जब अंतरराष्ट्रीय तनाव और ईरान से जुड़े हालिया घटनाक्रमों के चलते Washington, D.C. में सुरक्षा पहले से ही बढ़ाई गई है। घटना के तुरंत बाद इलाके में कई आपातकालीन वाहन तैनात किए गए और पूरे क्षेत्र को सील कर दिया गया।
अधिकारियों का कहना है कि हालात सामान्य होने के बाद सड़कों को धीरे-धीरे दोबारा खोल दिया जाएगा, जबकि सुरक्षा एजेंसियां मामले की गहन जांच में जुटी हुई हैं।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved