
नई दिल्ली । जिम्बाब्वे (Zimbabwe) के तेज गेंदबाज ब्लेसिंग मुजरबानी (Blessing Muzarabani) ने इस बार पाकिस्तान सुपर लीग (PSL) की बजाय इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) खेलने का निर्णय लिया है। इस फैसले के बाद पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (Pakistan Cricket Board) नाराज हो गया है और मुजरबानी के खिलाफ कानूनी कदम उठाने पर विचार कर रहा है।
तीन बार की आईपीएल चैंपियन टीम कोलकाता नाइट राइडर्स ने मुजरबानी को अपनी टीम में शामिल किया है। वह बांग्लादेश के तेज गेंदबाज मुस्तफिजुर रहमान की जगह टीम में आए हैं। माना जा रहा है कि मुजरबानी 17 मार्च को कोलकाता पहुंचकर टीम से जुड़ सकते हैं।
मुस्तफिजुर की जगह मिला मौका
आईपीएल नीलामी में मुस्तफिजुर रहमान को 9.20 करोड़ रुपये में खरीदा गया था। उनके बेस प्राइस 2 करोड़ रुपये थे और उनकी खरीद के लिए चेन्नई सुपर किंग्स और दिल्ली कैपिटल्स के बीच कड़ी बोली चली। बाद में बीसीसीआई के निर्देश के बाद केकेआर को मुस्तफिजुर को टीम से बाहर करना पड़ा और उनके स्थान पर मुजरबानी को साइन किया गया।
पीएसएल से पहले ही करार हो चुका था
मुजरबानी पहले से ही पीएसएल की टीम इस्लामाबाद यूनाइटेड के साथ करार में थे। उन्हें पीएसएल ड्राफ्ट में शुरू में किसी टीम ने नहीं चुना था, लेकिन बाद में इस्लामाबाद यूनाइटेड ने शमार जोसेफ की जगह उन्हें साइन कर लिया था। जब आईपीएल से ऑफर आया, तो मुजरबानी ने पीएसएल को अपनी अनुपलब्धता की जानकारी दी और आईपीएल को प्राथमिकता दी।
पीसीबी ने करार उल्लंघन बताया
मुजरबानी के आईपीएल में शामिल होने के फैसले से पीसीबी नाराज है। बोर्ड इसे करार का उल्लंघन मान रहा है और कानूनी कार्रवाई के विकल्पों पर विचार कर रहा है। यह दूसरी बार है जब कोई खिलाड़ी पीएसएल के करार के बावजूद आईपीएल को प्राथमिकता दे रहा है। पिछले साल दक्षिण अफ्रीका के तेज गेंदबाज कॉर्बिन बॉश ने भी ऐसा किया था।
A new Blessing in Purple & Gold 💜🔥 pic.twitter.com/p31V3LsGfm
— KolkataKnightRiders (@KKRiders) March 13, 2026
टी20 विश्व कप में प्रदर्शन ने बढ़ाई साख
मुजरबानी हाल ही में खेले गए टी20 विश्व कप में शानदार प्रदर्शन कर चुके हैं। उन्होंने छह मैचों में 13 विकेट लिए और जिम्बाब्वे को सुपर-8 तक पहुँचाने में अहम योगदान दिया। ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ उनके चार विकेट की बदौलत टीम को बड़ी जीत मिली। 29 वर्षीय मुजरबानी इससे पहले आईपीएल में भी जुड़ चुके हैं, जब वह चोटिल लुंगी एनगिडी के रिप्लेसमेंट के रूप में रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर के साथ टीम में आए थे, लेकिन उन्हें कोई मैच खेलने का मौका नहीं मिला।
आईपीएल और पीएसएल के टकराते शेड्यूल ने बढ़ाया विवाद
इस साल आईपीएल और पीएसएल का शेड्यूल एक-दूसरे से टकरा रहा है। आईपीएल 28 मार्च से शुरू हो रहा है, जबकि पीएसएल 26 मार्च से 3 मई तक खेला जाएगा। ऐसे में कई विदेशी खिलाड़ी दोनों लीगों में से किसी एक को चुनने की स्थिति में हैं। मुजरबानी ने आईपीएल को प्राथमिकता दी, जिससे विवाद पैदा हुआ और पीसीबी अब कानूनी कार्रवाई की तैयारी में है।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved