
नई दिल्ली: पश्चिम बंगाल (West Bengal) में चुनावी माहौल के बीच मुख्यमंत्री ममता बनर्जी (Chief Minister Mamata Banerjee) ने मुअज्जिनों और पुरोहितों के लिए बड़ा ऐलान किया है. राज्य सरकार ने दोनों के मासिक मानदेय में 500 रुपये की बढ़ोतरी करने का निर्णय लिया है. इस फैसले के बाद अब उन्हें हर महीने 2000 रुपये मानदेय मिलेगा. उन्होंने कहा कि ये लोग समाज और धार्मिक परंपराओं को जीवित रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं, इसलिए उन्हें सम्मान और सहयोग देना जरूरी है.
मुख्यमंत्री ने यह भी बताया कि मुअज्जिनों और पुरोहितों की ओर से जो भी नए आवेदन राज्य सरकार के पास पहुंचे थे, उन्हें भी मंजूरी दे दी गई है. सरकार का कहना है कि उसका प्रयास है कि हर समुदाय और उसकी परंपराओं को समान महत्व दिया जाए और उन्हें मजबूत किया जाए.
बकाया महंगाई भत्ते का होगा भुगतान
इसके साथ ही ममता बनर्जी ने एक और घोषणा करते हुए कहा कि राज्य के कर्मचारियों, पेंशनभोगियों, शिक्षकों और शैक्षणिक संस्थानों के गैर-शिक्षण कर्मचारियों को भी बकाया महंगाई भत्ते का भुगतान किया जाएगा. यह भुगतान मार्च 2026 से शुरू किया जाएगा. इसके लिए वित्त विभाग की ओर से आवश्यक निर्देश जारी कर दिए गए हैं.
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved