
नई दिल्ली । प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (Prime Minister Narendra Modi) ने दिल्ली और इंदौर के अग्निकांड पर शोक व्यक्त कर (Expressed Condolences over fire incidents in Delhi and Indore) पीड़ित परिवारों के लिए आर्थिक मदद की घोषणा की (Announced Financial Assistance for affected Families) । प्रधानमंत्री कार्यालय (पीएमओ) ने यह जानकारी दी ।
मध्य प्रदेश के इंदौर की घटना पर प्रधानमंत्री कार्यालय ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर पोस्ट में लिखा, “प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा है कि मध्य प्रदेश के इंदौर में आग लगने की घटना में हुई जान-माल की हानि से गहरा दुख हुआ है। जिन लोगों ने अपने प्रियजनों को खोया है, उनके प्रति मेरी संवेदनाएं हैं। मैं घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना करता हूं।” एक अन्य पोस्ट में दिल्ली की घटना पर दुख जताया गया। पीएमओ के अनुसार, प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि दिल्ली के पालम में आग लगने की घटना दुखद है। जिन लोगों ने अपने प्रियजनों को खोया है, उनके प्रति मैं अपनी संवेदनाएं व्यक्त करता हूं। ईश्वर करे कि घायल जल्द से जल्द स्वस्थ हों। उन्होंने घोषणा करते हुए कहा कि पीएमएनआरएफ (प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष) की ओर से प्रत्येक मृतक के परिजनों को 2 लाख रुपए की अनुग्रह राशि दी जाएगी। घायलों को 50,000 रुपए दिए जाएंगे।
बता दें कि दिल्ली के पालम में बुधवार सुबह 7:04 बजे राम मार्केट में स्थित चार मंजिला इमारत में आग लग गई। यह इमारत राजेंद्र कश्यप की थी, जिसमें बेसमेंट, ग्राउंड और पहली मंजिल पर उनका कपड़े और कॉस्मेटिक का शोरूम था और दूसरी-तीसरी मंजिल पर उनका परिवार रहता था। इस घटना में कम से कम 6 लोगों की मौत हो गई, वहीं, मध्य प्रदेश के इंदौर में कार चार्जिंग के दौरान शॉर्ट सर्किट की वजह से आग लग गई, जिसने विकराल रूप ले लिया। इस हादसे में कम से कम 8 लोग आग के चलते मर गए। मिली जानकारी के अनुसार, बुधवार को बंगाली चौराहा क्षेत्र में स्थित बृजेश्वरी कॉलोनी में कार को चार्ज किया जा रहा था, तभी चार्जिंग के दौरान आग लग गई और देखते ही देखते इस आग ने विकराल रूप ले लिया। पूरी इमारत में आग की लपटें नजर आने लगीं। इस आग की चपेट में घर के अंदर रखे गैस सिलेंडर भी आ गए और एक-एक कर कई गैस सिलेंडर में धमाका हुआ। इसके चलते मकान का कुछ हिस्सा भी ढह गया।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved