
नोएडा: उत्तर प्रदेश के नोएडा के सेक्टर 63 थाना क्षेत्र स्थित छिजारसी कॉलोनी से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है. यहां एक युवती ने अपने ही घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली. इस घटना ने इलाके में सनसनी फैला दी है. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है.
मृतका की पहचान दीपिका कुमारी के रूप में हुई है. उसकी शादी करीब एक साल पहले बिहार निवासी निशांत कुमार से हुई थी. शादी के बाद दीपिका अपने पति और ससुराल वालों के साथ छिजारसी कॉलोनी में किराए के मकान में रह रही थी. दीपिका पढ़ी-लिखी थी और एक प्राइवेट कंपनी में नौकरी करती थी. वह शादी के बाद भी अपने करियर को जारी रखना चाहती थी और आत्मनिर्भर बनना उसका सपना था. हालांकि, उसका यह सपना ही उसके वैवाहिक जीवन में तनाव की वजह बन गया.
परिजनों के मुताबिक, दीपिका के पति और ससुराल पक्ष के लोग उसके नौकरी करने के खिलाफ थे. इसी मुद्दे को लेकर पति-पत्नी के बीच अक्सर विवाद होता रहता था. बताया जा रहा है कि दीपिका के पति निशांत कुमार खुद भी एक निजी कंपनी में कार्यरत है, लेकिन वह अपनी पत्नी को नौकरी करने की अनुमति नहीं देना चाहता था.
परिवार का कहना है कि शादी के कुछ समय बाद से ही इस मुद्दे को लेकर घर में तनाव बढ़ने लगा था. रविवार सुबह भी इसी बात को लेकर पति-पत्नी के बीच कहासुनी हुई थी. सुबह करीब 11 बजे जब घर के अन्य सदस्य काम से बाहर गए हुए थे, उस समय दीपिका घर में अकेली थी. इसी दौरान उसने कमरे में पंखे से फंदा लगाकर अपनी जान दे दी.
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. मामले की जांच के दौरान पुलिस विभिन्न पहलुओं को ध्यान में रखकर पड़ताल कर रही है.
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved