
- श्रीजानकीरमण मंदिर पहुंचे स्वामी, निर्माण कार्य देख जताया संतोष
जबलपुर। परम पूज्य स्वामी निर्विकल्प स्वरूप जी महाराज गुरुवार शाम पं. बालमुकुंद त्रिपाठी मार्ग, दीक्षितपुरा स्थित श्रीजानकीरमण मंदिर पहुंचे। यहां भक्तजनों ने पुष्पमालाओं से उनका भव्य स्वागत एवं अभिनंदन किया। स्वामी जी ने पूर्णता की ओर अग्रसर निर्माणाधीन श्रीजानकीरमण मंदिर का अवलोकन कर निर्माण कार्य की प्रगति पर संतोष व्यक्त किया। ब्रह्मलीन द्विपीठाधीश्वर जगद्गुरु शंकराचार्य स्वामी स्वरूपानंद सरस्वती जी महाराज, द्वारका-शारदापीठाधीश्वर जगद्गुरु शंकराचार्य स्वामी सदानंद सरस्वती जी महाराज एवं ज्योतिष्पीठाधीश्वर शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद जी महाराज के दीक्षित शिष्य स्वामी निर्विकल्प स्वरूप जी महाराज ने इस अवसर पर उपस्थित गणमान्य नागरिकों, साहित्यकारों, भक्तजनों एवं मातृशक्ति को संबोधित किया।
अपने प्रवचन में उन्होंने कहा कि माया दिखाई देती है, लेकिन वास्तव में उसका अस्तित्व भ्रम के रूप में है। संसार के अधिकांश लोग माया के मोहजाल में उलझे रहते हैं और जब तक उससे बाहर निकलने का प्रयास करते हैं, तब तक जीवन का बहुमूल्य समय निकल जाता है। उन्होंने भगवान विष्णु और देवर्षि नारद के प्रसंग के माध्यम से माया के स्वरूप और उसके भ्रमजाल को विस्तार से समझाया। आचार्य आशुतोष दीक्षित के मार्गदर्शन में महाराज श्री का पादुका पूजन संपन्न हुआ। इसमें तनिष्क त्रिपाठी, आदित्य उपाध्याय एवं अक्षत तिवारी ने पूजन-अर्चन किया। श्रीजानकीरमण न्यास जबलपुर द्वारा मंदिर निर्माण के लिए किए जा रहे प्रयासों की सराहना करते हुए स्वामी जी ने आशा व्यक्त की कि इससे प्रेरणा लेकर अन्य लोग भी मंदिरों के निर्माण एवं धार्मिक-सांस्कृतिक धरोहरों के संरक्षण की दिशा में आगे आएंगे। इस अवसर पर साहित्यकार सुरेश मिश्र विचित्र की कृति शहरों से दूर बसे गांव में तथा आचार्य कौशल दुबे द्वारा रचित शुक्राचार्य महाकाव्य एवं घटोत्कच खंडकाव्य का स्वामी जी के करकमलों से लोकार्पण किया गया। डॉ. उदयभानु तिवारी ने महाराज श्री की स्वरचित कविता का पाठ भी किया। कार्यक्रम में शरदचंद्र पालन, डॉ. अभिजात त्रिपाठी, पं. राजेश दुबे, आचार्य आशुतोष दीक्षित, एडवोकेट अक्षत तिवारी, डॉ. गंगाधर त्रिपाठी, मुकेश श्रीवास्तव, अखिलेश त्रिपाठी, आचार्य उमाशंकर दुबे, अभिमन्यु जैन, रविंद्र राघव, डॉ. कौशल दुबे सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु एवं गुरु भक्त उपस्थित रहे। सभी ने महाराज श्री से आशीर्वाद प्राप्त किया।