
- गणेश नगर में भीषण अग्निकांड, एक लाख नकद समेत किराना, कॉस्मेटिक और कपड़े जले
जबलपुर। कछपुरा मालगोदाम के पास गणेश नगर में गुरुवार दोपहर एक मकान और दुकान में लगी भीषण आग ने तिवारी परिवार की वर्षों की कमाई को राख में तब्दील कर दिया। आग इतनी तेजी से फैली कि परिवार को संभलने तक का मौका नहीं मिला। हादसे में करीब 30 लाख रुपए के नुकसान का अनुमान है। दुकान में रखे एक लाख रुपए नकद सहित किराना, कॉस्मेटिक और कपड़ों का सामान जलकर खाक हो गया। मकान के एक कमरे में रखा घरेलू सामान भी आग की भेंट चढ़ गया।
जानकारी के अनुसार, तिवारी परिवार के सदस्य गुरुवार दोपहर घर के मंदिर में दीपक जलाने के बाद बाजार चले गए थे। इसी दौरान अचानक मकान और दुकान में आग भड़क उठी। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया और दुकान में रखा सामान इसकी चपेट में आ गया। आग की लपटें उठती देख आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय नागरिकों ने अपने स्तर पर आग बुझाने की कोशिश शुरू की, लेकिन आग की तीव्रता के सामने उनके प्रयास नाकाफी साबित हुए। घटना के दौरान दमकल वाहन के देरी से पहुंचने को लेकर स्थानीय लोगों में भारी नाराजगी देखी गई। लोगों का कहना था कि समय पर दमकल पहुंच जाती तो नुकसान को काफी हद तक कम किया जा सकता था। दमकल के इंतजार के बीच रहवासियों ने खुद ही आग पर काबू पाने की कोशिश की। इस दौरान पूरे क्षेत्र में दहशत का माहौल बना रहा। फिलहाल आग लगने के वास्तविक कारणों का पता नहीं चल सका है।