
हावेरी: कर्नाटक के हावेरी जिला से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है. यहां कर्ज के पैसे वापस मांगने को लेकर हुए विवाद में एक गर्भवती महिला के साथ दबंगों ने बेरहमी से मारपीट की. इस दौरान उसके पेट पर लात मारी. इस हमले के कारण उसके गर्भ में पल रहे छह महीने के जुड़वां बच्चों की मौत हो गई.
यह घटना सवणूर तालुका के अल्लिपुर गांव में हुई. जानकारी के अनुसार, अल्लिपुर गांव की रहने वाली हालव्वा गोदभराई कार्यक्रम के लिए मायके आई थी. इस दौरान उसने गांव के ही एक युवक से करीब 30 हजार रुपये उधार लिए थे. बताया जा रहा है कि 28 मार्च को आरोपी अपने परिजनों के साथ पैसे वापस मांगने के लिए उनके घर पहुंचा. इस दौरान दोनों पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हो गई.
हालव्वा ने आरोपियों से विनती की कि बेटी का गोदभराई कार्यक्रम पूरा होने के बाद वे पैसे लौटा देगी, लेकिन आरोपियों ने उसकी एक नहीं सुनी. देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि आरोपियों ने मारपीट शुरू कर दी. जब हालव्वा के साथ मारपीट हो रही थी, तभी उसकी छह महीने की गर्भवती बेटी पवित्रा लमाणी बीच-बचाव करने के लिए आगे आई.
आरोप है कि इस दौरान आरोपियों ने पवित्रा के पेट पर जोरदार लात मारी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई. घटना के तुरंत बाद परिजनों ने उसे नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया. इलाज के दौरान समय से पहले प्रसव हो गया, लेकिन गर्भ में पल रहे जुड़वां शिशु गंभीर चोटों के कारण जीवित नहीं बच सके.
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved