
लखनऊ: राजधानी लखनऊ (Lucknow) में गर्मी की शुरुआत के साथ ही आग लगने की घटनाएं बढ़ने लगी हैं. बुधवार को विकास नगर थाना क्षेत्र (Vikas Nagar Police Station Area) में जुग्गी-झोपड़ियों में भीषण आग लग गई, जिससे इलाके में हड़कंप मच गया. आग की लपटें इतनी तेज थीं कि मौके पर फायर ब्रिगेड की आधा दर्जन गाड़ियां पहुंचीं और दमकल कर्मी आग पर काबू पाने की कोशिश में जुटे हैं. स्थानीय पुलिस भी राहत और बचाव कार्य में सहयोग कर रही है.
बता दें कि विकास नगर सेक्टर-14 में भीषण आग ने करीब 200 झुग्गी-झोपड़ियों को अपनी चपेट में ले लिया. आग इतनी विकराल थी कि झोपड़ियों में रखे गैस सिलिंडर और रेफ्रिजरेटर के कंप्रेसर एक-के-बाद-एक धमाकों के साथ फटने लगे. पूरे इलाके में धुएं का गुबार और लपटें आसमान को छूती दिखाई दीं, जिससे स्थानीय लोग दहशत में आ गए.
फायर ब्रिगेड की 12 गाड़ियों मौके पर
घटना दोपहर करीब 2 बजे हुई, जब अचानक एक झोपड़ी से आग भड़की और हवा के साथ तेजी से फैलने लगी. पलक झपकते ही सैकड़ों झोपड़ियां आग की लपटों में घिर गईं. धमाकों की आवाज सुनकर आसपास के लोग घरों से बाहर निकल आए. कई लोगों ने बताया कि धमाकों की गूंज इतनी तेज थी कि पूरा इलाका थर्रा उठा. आग की सूचना मिलते ही लखनऊ फायर ब्रिगेड की 12 गाड़ियां तुरंत मौके पर पहुंच गईं.
दूर-दूर तक दिखाई दिया काला धुआं
फायर ब्रिगेड की टीमें लगातार पानी की बौछार कर आग पर काबू पाने की कोशिश में जुटी हुई हैं. राहत-बचाव कार्य जोरों पर है. आग इतनी भयावह थी कि दूर-दूर तक काला धुआं दिखाई दे रहा था. झोपड़ियों में रहने वाले गरीब परिवारों का सारा सामान जलकर राख हो गया. जलती झोपड़ियों के पास खड़े होकर लोग रो-रोकर बिलख रहे थे. कई लोग बार-बार अपनी झोपड़ी की तरफ जाने की जिद कर रहे थे, लेकिन सुरक्षा कारणों से उन्हें रोका जा रहा था.
फायर ब्रिगेड अधिकारी ने दी जानकारी
एक महिला ने बताया, सब कुछ जल गया बच्चे का स्कूल बैग, कपड़े, बर्तन कुछ नहीं बचा. अभी तक किसी के हताहत होने की खबर नहीं है, लेकिन नुकसान का आकलन किया जा रहा है. जिला प्रशासन की टीम भी मौके पर पहुंच गई है. पुलिस ने इलाके को घेर लिया है, ताकि कोई अनहोनी न हो. फायर ब्रिगेड के अधिकारियों ने बताया कि आग पर काबू पाने में अभी भी समय लग सकता है, क्योंकि झोपड़ियों में रखा सामान और सिलेंडर लगातार खतरा पैदा कर रहे हैं.
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved