
उज्जैन। मुख्यमंत्री द्वारा कोठी रोड स्थित तरणताल का उद्घाटन किया गया था लेकिन इसके बाद इसके ताले नहीं खुले और भरी गर्मी में पानी में नहाने वाले परेशान हो रहे हैं। बताया जा रहा है कि नगर निगम इस तरणताल को ठेके पर देना चाहती है लेकिन इसको लेकर कोई आपसी सहमति नहीं बन पाई। नतीजा यह हुआ कि पिछले एक पखवाड़े से तरणताल बंद है लेकिन अधिकारी यह कह रहे हैं कि सोमवार से यह शुरू हो जाएगा। उल्लेखनीय है कि इस तरणताल पर काफी संख्या में लोग नहाने आते हैं और पहले यहाँ पर मंथली पास का सिस्टम भी था।
कोठी रोड स्थित नगर निगम के अंतरराष्ट्रीय स्तर के स्वीमिंग पूल के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव द्वारा 17 मार्च को लोकार्पण के बाद केवल 7 दिन तक आम लोगों के लिए खोले गए इस पूल को बंद कर दिया गया था, लेकिन अब इसे फिर से शुरू करने की तैयारी पूरी हो चुकी है। नगर निगम के सूत्रों का दावा है कि आगामी सोमवार से पूल दोबारा शुरू कर दिया जाएगा। दरअसल, लोकार्पण के बाद शुरुआती सप्ताह में इसे निशुल्क आमजन के लिए खोला गया था। इसके बाद अचानक संचालन बंद कर दिया गया, जिससे लोगों में असमंजस की स्थिति बन गई थी। उस समय चर्चा थी कि पूल का संचालन ठेके पर दिया जाएगा, लेकिन अब निगम ने खुद संचालन करने का फैसला लिया है। नगर निगम से जुड़े अधिकारिक सूत्रों के अनुसार, पूल बंद करने का निर्णय सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए लिया गया था। उस समय पर्याप्त तकनीकी स्टाफ और जरूरी संसाधनों की कमी थी। अब लाइफगार्ड, तकनीकी कर्मचारियों और अन्य व्यवस्थाओं की पूर्ति कर ली गई है, जिससे संचालन फिर से शुरू करने का रास्ता साफ हो गया है। पुराने तरणताल की जगह बनाए गए इस नए स्वीमिंग पूल को आधुनिक और अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुसार तैयार किया गया है। इसकी लंबाई 50 मीटर और चौड़ाई 25 मीटर है, जबकि गहराई 4.50 फीट से 6.50 फीट तक रखी गई है। इसके साथ ही एक वॉर्मअप पूल भी बनाया गया है, जो छोटे तैराकों और अभ्यास के लिए उपयोगी रहेगा। इसी स्थान पर वर्ष 1969 में बना पुराना तरणताल लंबे समय तक शहर की पहचान रहा, लेकिन बढ़ते मेंटेनेंस खर्च, पानी की सफाई में दिक्कत और सुरक्षा कारणों से करीब पांच साल पहले इसे बंद कर दिया गया था। अब उसी जगह पर अत्याधुनिक सुविधाओं वाला नया पूल तैयार किया गया है। नए पूल में पुरुष और महिलाओं के लिए अलग-अलग चेंजिंग रूम बनाए गए हैं। साथ ही ओपन शॉवर एरिया की सुविधा भी दी गई है, जहां तैराक पूल में उतरने से पहले और बाद में शॉवर ले सकेंगे।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved