
- संभाग आयुक्त के निर्देश-काम में ढलाई बर्दाश्त नहीं,बारिश से पहले हर हाल में पूरे हों काम
उज्जैन। सिंहस्थ 2028 की तैयारियों को लेकर प्रशासन अब पूरी तरह एक्शन मोड में आ गया है। गुरुवार को संभागायुक्त और कलेक्टर ने मेला क्षेत्र में चल रहे सड़क निर्माण कार्यों का निरीक्षण कर अधिकारियों को कड़े निर्देश दिए। साफ कहा गया कि अब किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
गुरुवार को आगर रोड से खाक चौक चौराहा तक चल रहे सड़क चौड़ीकरण कार्य का निरीक्षण करते हुए संभागायुक्त आशीष सिंह और कलेक्टर रोशन कुमार सिंह ने निर्देश दिए कि डिवाइडर में ऐसे फूलदार पौधे लगाए जाएं, जो गर्मी के महीनों में भी खिले रहें। उन्होंने कहा कि सिंहस्थ में आने वाले श्रद्धालुओं को साफ-सुथरा और आकर्षक मार्ग मिलना चाहिए। साथ ही निर्माण कार्य गुणवत्ता के साथ तय समय में पूरा करने की सख्त हिदायत दी। अधिकारियों ने बताया कि चौड़ीकरण के बाद यह सड़क दोनों ओर से 12-12 मीटर चौड़ी होगी। संभागायुक्त ने दो टूक कहा कि बारिश शुरू होने से पहले सभी निर्माण कार्य हर हाल में पूरे कर लिए जाएं, वरना जिम्मेदारी तय होगी। इसके बाद शिप्रा तट के पास श्री रणजीत हनुमान मंदिर से सिंहस्थ बायपास होते हुए ग्राम गोंसा तक बन रही 4 लेन सड़क का निरीक्षण किया गया। करीब 2.1 किलोमीटर लंबे इस मार्ग पर काम जारी है। यहां संभागायुक्त ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि कार्य की नियमित मॉनिटरिंग करें और टेंडर की शर्तों का सख्ती से पालन करें। डामरीकरण का काम भी बारिश से पहले पूरा करने के निर्देश दिए गए। नईखेड़ी रेलवे स्टेशन तक बनने वाले 1.30 किलोमीटर लंबे पहुंच मार्ग का भी निरीक्षण किया गया। अधिकारियों ने बताया कि प्रारंभिक कार्य पूरे हो चुके हैं और जून तक सड़क तैयार करने का लक्ष्य है। इस पर संभागायुक्त ने काम में तेजी लाने के निर्देश दिए। करोहन से नईखेड़ी पंचक्रोशी मार्ग के निरीक्षण के दौरान भी गुणवत्ता को लेकर सख्त रुख अपनाया गया। स्पष्ट कहा गया कि निर्माण सामग्री में किसी भी प्रकार की कमी पाई गई तो संबंधित अधिकारियों और ठेकेदारों पर कार्रवाई तय है।