
मुंबई से बीपीसीएल ने दी निगम को अनुमति
इंदौर, डा जितेन्द्र जाखेटिया।
मुंबई (Mumbai) से इंदौर (Indore) आ रही पेट्रोल (petrol) की बड़ी लाइन (pipeline) के नीचे से 15 लाख पौधों के लिए लाइफ लाइन निकाली जाएगी। इसके लिए भारत पेट्रोलियम कंपनी लिमिटेड (BPCL) द्वारा इंदौर नगर निगम (Municipal council) को अनुमति दे दी गई है। अब नगर निगम का इस कंपनी के साथ अनुबंध होगा।
2 साल पहले बारिश के मौसम में प्रदेश के नगरीय प्रशासन मंत्री कैलाश विजयवर्गीय की पहल पर उज्जैन रोड पर स्थित रेवती रेंज में 12 लाख पौधों का रोपण किया गया था। जनभागीदारी से पौधारोपण का यह अभियान चलाया गया था। इसके बाद भी धीरे-धीरे यहां पौधारोपण किया जाता रहा। इस समय इस स्थान पर 15 लाख पौधे हैं। इन पौधों को जीवित रखने और पनपाने के लिए इंदौर नगर निगम द्वारा फैसला लिया गया था कि कबीटखेड़ी से रेवती रेंज तक सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट से लाइन डाली जाएगी। इस लाइन के माध्यम से ट्रीटेड पानी को रेवती रेंज तक पहुंचाया जाएगा और उस पानी से इन पौधों को जीवन दिया जाएगा। निगम द्वारा 7.5 किलोमीटर लंबी 300 एमएम व्यास की लाइन डालने का फैसला लिया गया। इसके साथ ही रेवती रेंज पर एक संपवेल बनाने और एक लाख लीटर क्षमता की टंकी बनाने का फैसला लिया गया। निगम द्वारा यह पूरा काम 13 करोड़ रुपए में टेंडर पर दे दिया गया। पिछले दिनों जब कबीटखेड़ी के ट्रीटमेंट प्लांट से रेवती रेंज तक ड्रेनेज के साफ किए गए पानी की लाइन डालने का काम चल रहा था तो उज्जैन रोड पर यह काम अचानक रोकना पड़ा। इसे रोकने के पीछे कारण यह था कि जिस स्थान से यह लाइन डाली जा रही थी उस स्थान पर मुंबई से इंदौर तक डाली गई पेट्रोल की मेन ट्रंक लाइन निकल रही थी। इस लाइन का व्यास 412 मिलीमीटर का है। इस लाइन के माध्यम से ही मुंबई से पेट्रोल आता है, जो मांगलिया के डिपो में जाता है। अब इस लाइन के ऊपर या नीचे से यदि इंदौर नगर निगम को अपनी पानी की लाइन निकालना है तो उसके लिए जरूरी हो जाता है कि ऑइल कंपनी से अनुमति प्राप्त की जाए। भारत पेट्रोलियम कंपनी लिमिटेड के साथ इस बारे में निगम द्वारा पिछले दिनों पत्राचार किया गया। कल नगर निगम को इस कंपनी द्वारा ट्रीटेड वाटर निकालने के लिए लाइन डालने की अनुमति दे दी गई है। अब नगर निगम का इस कंपनी के साथ अनुबंध होगा। इसके बाद नगर निगम द्वारा लाइन डालने के कार्य के लिए बीमा करवाया जाएगा। फिर जाकर लाइन डालने का काम शुरू हो सकेगा।