वाशिंगटन। डोनाल्ड ट्रंप प्रशासन (Donald trump) के एक गुप्त सैन्य ऑपरेशन के बीच अमेरिकी सेना (us Army) से जुड़ा एक बड़ा घोटाला सामने आया है। सैनिक गैनन केन वैन डाइक पर आरोप है कि उसने संवेदनशील और गोपनीय जानकारी का दुरुपयोग कर सट्टेबाजी से मोटी कमाई की।
मामला निकोलस मादुरो की गिरफ्तारी से जुड़ा है। ट्रंप प्रशासन ने वेनेजुएला में एक सीक्रेट मिशन चलाया था, जिसकी भनक वैन डाइक को पहले ही लग गई थी। इसी जानकारी के आधार पर उसने प्रेडिक्शन प्लेटफॉर्म Polymarket पर दांव लगाए और करीब 3.77 करोड़ रुपये (लगभग 4 लाख डॉलर) जीत लिए।
इस मामले में फेडरल एजेंसियों ने वैन डाइक को कमोडिटी एक्सचेंज एक्ट के उल्लंघन, वायर फ्रॉड और मनी लॉन्ड्रिंग जैसे गंभीर आरोपों में गिरफ्तार कर लिया है। एक्टिंग अटॉर्नी जनरल टॉड ब्लैंच ने साफ कहा कि वर्दीधारी कर्मियों से गोपनीयता की अपेक्षा होती है, न कि उस जानकारी को सट्टेबाजी में बदलने की।
मामले पर प्रतिक्रिया देते हुए ट्रंप ने कहा कि इसकी गंभीर जांच होगी। उन्होंने तंज कसते हुए यह भी कहा कि “दुनिया एक कसीनो बनती जा रही है।” वहीं, FBI प्रमुख काश पटेल ने चेतावनी दी कि सरकारी पहुंच का दुरुपयोग कर पैसा कमाने वालों को बख्शा नहीं जाएगा।
गौरतलब है कि 3 जनवरी को काराकस में अमेरिकी सेना ने एक हाई-रिस्क ऑपरेशन के तहत मादुरो और उनकी पत्नी को गिरफ्तार किया था। फिलहाल दोनों को न्यूयॉर्क के ब्रुकलिन स्थित मेट्रोपॉलिटन डिटेंशन सेंटर में रखा गया है।
इस हाई-प्रोफाइल ऑपरेशन के बीच सामने आया ‘सट्टेबाज सैनिक’ कांड अब अमेरिकी सेना की साख पर बड़ा सवाल खड़ा कर रहा है और इसे राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़ी गंभीर चूक माना जा रहा है।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved