img-fluid

इंदौर में 7 लाख मकान…जनगणना के प्रथम चरण में मकान गणना होने के पहले सामने आया अनुमान

April 27, 2026

  • निगम के जोन 21 में सबसे ज्यादा आबादी, इसके बाद जोन 16 और 19 का नंबर

इंदौर, डा जितेन्द्र जाखेटिया। जनगणना अभियान के तहत मकान की गणना का कार्य 1 मई से शुरू किया जाएगा। इसमें अभी प्राथमिक तौर पर जो जानकारी निकलकर सामने आ रही है, उसके अनुसार इंदौर शहर में 7 लाख मकान होने की उम्मीद जताई गई है। निगम के जोनल कार्यालय क्रमांक 21 में सबसे ज्यादा मकान और आबादी है। इसके साथ ही जोनल कार्यालय क्रमांक 16 और 19 भी ज्यादा आबादी वाले क्षेत्रों में है। सबसे कम आबादी जोनल कार्यालय क्रमांक 6 में नजर आ रही है।

जनगणना अभियान के तहत मकान की गणना का कार्य 1 मई से शुरू किया जाएगा। इस कार्य के शुरू होने के पहले नगर निगम द्वारा हर जोनल कार्यालय के क्षेत्र में मकान पर नंबर डालने का काम किया गया है। इस कार्य के दौरान मोटे तौर पर यह जानकारी सामने आ गई है कि इस जोनल कार्यालय के क्षेत्र में कितने ज्यादा मकान हैं। जनगणना विभाग द्वारा तय किए गए पैरामीटर के अनुसार हर 200 मकान पर एक ब्लॉक बनाना है। इस कार्य में इंदौर शहर में कुल 4176 ब्लॉक बनाए गए हैं। मकान की गणना का आधिकारिक तौर पर कार्य शुरू होने से पहले की गई तैयारी के अनुसार जोनल कार्यालय क्रमांक 21 के क्षेत्र में मकान की गणना के लिए 316 ब्लॉक बनाए गए हैं, जबकि जोनल कार्यालय क्रमांक 16 के क्षेत्र में 310 और जोनल कार्यालय क्रमांक 19 के क्षेत्र में 302 ब्लॉक बनाए गए हैं।


  • इसमें से जोन क्रमांक 16 एरोड्रम रोड पर आता है, जिसमें 5 वार्ड शामिल हैं, जबकि जोन क्रमांक 19 स्कीम नंबर 94 के अंतर्गत आता है। इसमें भी 4 वार्ड शामिल हैं। ब्लॉक की इस रचना से यह स्पष्ट संकेत सामने आता है कि इंदौर में सबसे ज्यादा मकान और सबसे ज्यादा आबादी जोनल कार्यालय क्रमांक 21 के क्षेत्र में है। इस क्षेत्र में वार्ड क्रमांक 73, 79, 80 और 81 आते हैं। इसके साथ ही जोनल कार्यालय क्रमांक 6 के अंतर्गत केवल 78 ब्लॉक बनाए गए हैं। इससे यह स्पष्ट हो रहा है कि इस जोनल कार्यालय के क्षेत्र में कम मकान और आबादी है।

    इस जोन के क्षेत्र में वार्ड क्रमांक 24, 25, 26 और 27 आते हैं। जनगणना के नगर निगम के प्रभारी अपर आयुक्त नरेंद्रनाथ पांडे ने बताया कि ब्लॉक बनाने के लिए दो पैरामीटर रखे गए थे। इसमें पहले 180 से 225 तक मकान की संख्या को रखा गया था तो दूसरा 800 से 1000 तक की आबादी को रखा गया था। शहर के मध्य क्षेत्र और सघन आबादी वाले क्षेत्र में मकान की संख्या ज्यादा है, जबकि शहर के बाहरी क्षेत्र में बहुमंजिला इमारतें ज्यादा होने के कारण भवनों की कम संख्या में ही आबादी ज्यादा हो जाती है। निगम द्वारा तैयारी करते हुए मकान गणना के लिए ब्लॉक का निर्माण करने हेतु जो मकान पर नंबर दर्ज किए गए हैं उसके आधार पर मोटे तौर पर यह अनुमान निकालकर सामने आ रहा है कि नगर निगम के क्षेत्र में मकानों की संख्या 7 लाख है। इस आंकड़े को लेकर जब निगम के अधिकारियों से चर्चा की गई कि निगम में संपत्तिकर के खाते ही 7.15 लाख हैं तो मकान की गणना में मकान की संख्या कम कैसे हो सकती है। इस पर निगम के अधिकारियों ने बताया कि एक बिल्डिंग में यदि 20 फ्लैट हैं तो निगम के संपत्तिकर के मान से तो 20 खाते बनाए जाएंगे, लेकिन मकान की गणना के हिसाब से एक ही भवन माना जाएगा।

    फिर से डालेंगे मकान पर नंबर
    जनगणना के कार्य से जुड़े अधिकारियों ने बताया कि अभी तो मकान पर जो नंबर लगाए गए हैं वह केवल ब्लॉक बनाने के लिए लगाए गए हैं। मकान की गणना के कार्य को अंजाम देने के लिए अब फिर से मकान पर नंबर डाले जाएंगे और उसी के आधार पर मकान गणना का कार्य किया जाएगा। इस कार्य को अगले महीने की 1 तारीख से शुरू करते हुए 30 तारीख तक पूरा करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। एक प्रगणक को एक ब्लॉक में मकान की गणना का कार्य करने का दायित्व सौंपा गया है। इस प्रगणक को जो प्रश्नावली दी गई है उस पर संपूर्ण जानकारी उसे इनमें से हर मकान पर जाकर दर्ज करना होगी।

    कहां बने कितने ब्लॉक
    जोन ब्लॉक
    1 194
    2 102
    3 127
    4 193
    5 115
    6 78
    7 177
    8 233
    9 192
    10 255
    11 134
    12 163
    13 292
    14 139
    15 133
    16 310
    17 181
    18 154
    19 302
    20 149
    21 316
    22 237

    Share:

  • इंदौर के चंदननगर से कालानी नगर के बाधकों को लेकर अंतिम नोटिस बंटना शुरू

    Mon Apr 27 , 2026
    15 दिन की मोहलत देकर मई के पहले सप्ताह में कार्रवाई शुरू करने की तैयारी इन्दौर। चंदननगर से कालानी नगर तक की सडक़ को लेकर कई दिनों से चल रही सुनवाई पूरी होने के बाद अब नगर निगम ने पूरे क्षेत्र में अंतिम नोटिस बांटना शुरू कर दिए हैं। इस नोटिस के तहत बाधक निर्माण […]
    सम्बंधित ख़बरें
    लेटेस्ट
    खरी-खरी
    का राशिफल
    जीवनशैली
    मनोरंजन
    अभी-अभी
  • Archives

  • ©2026 Agnibaan , All Rights Reserved