
गांधीनगर क्षेत्र में हादसा… शादी समारोह में शामिल होने आया था, डम्पर वाले की तलाश जारी
इंदौर। शादी समारोह (Wedding Ceremony) में आए एक शख्स की सडक़ हादसे (Road Accidents) में मौत हो गई। बताया जा रहा है कि वह और उसका साथी बाइक (Bike) से जा रहे थे, तब डंपर (Dumper) ने उन्हें कुचल दिया था।
गांधी नगर पुलिस ने बताया कि 36 वर्षीय मोहन पिता गुलाबसिंह तंवर निवासी ग्राम रिजलाय के शव का जिला अस्पताल में पोस्टमार्टम कराया गया। बताया जा रहा है कि मोहन एक साथी के साथ बाइक से हृींकार गांव में एक शादी समारोह में आया था। यहां से बाइक से जाते समय रात करीब साढ़े 9 बजे दोनों की बाइक को डंपर ने टक्कर मार दी। घटना के बाद डंपर वाला मौके से भाग गया। गंभीर चोटें लगने के चलते मोहन की मौत हो गई। मोहन के परिवार में दो बेटी और एक बेटा है। उसके साथी का इलाज जारी है। उधर, चिमनबाग चौराहे पर भी एक कार वाले ने बाइक सवार अंशुमान जैन को टक्कर मार दी, जिससे उसे गंभीर चोटें आईं। उसकी शिकायत पर एमजी रोड पुलिस ने कार वाले पर केस दर्ज किया है। इससे पहले कल चंदननगर के नावदापंथ इलाके में ड्यूटी पर जा रहे बाइक सवारों की भिड़ंत में एक सवार सडक़ पर गिर गया और वहां से गुजर रहे एक वाहन ने उसे कुचल दिया, जिससे उसकी मौत हो गई। पुलिस टक्कर मारने वाले वाहन चालक की तलाश कर रही है।
केसरबाग शराब दुकान के सामने मिला शव
केसरबाग शराब दुकान के बाहर एक व्यक्ति का शव मिलने से सनसनी फैल गई। राजेंद्र नगर पुलिस सूचना के बाद मौके पर पहुंची। पुलिस का कहना है कि मृतक की अभी पहचान नहीं हो पाई है। उसकी उम्र करीब 35 से 40 साल के बीच है। प्रारंभिक पड़ताल में उसके शरीर पर किसी प्रकार के चोट के निशान नहीं दिख रहे हैं। फिर भी मौत के कारण का पता लगाने के लिए पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।