
उत्साह से निकली प्रभातफेरी… भक्तों ने विभिन्न भगवान संग किया नृत्य
इंदौर। भगवान नृसिंह जंयती (Lord Narasimha Jayanti) पर आज सुबह 21 वैदिक विद्वानों ने प्राचीन नृसिंह मंदिर (Narasimha Temple) में भगवान का महाअभिषेक किया, तत्पश्चात मंदिर से पारंपरिक प्रभातफेरी निकली। विभिन्न देवताओं के मुखौटे धारण किए मंदिर सदस्यों के साथ भक्तों ने भजनों पर नृत्य किया।
प्रभातफेरी में बड़ी संख्या में श्रद्धालु ढोल-ताशों की धुन पर भजन गाते हुए चल रहे थे। शहर के नृसिंह बाजार, कपड़ा मार्केट, गोराकुंड, छीपा बाखल, खजूरी बाजार क्षेत्र में जय नृसिंह के जयघोष गूंजते रहे। प्रभातफेरी में 250 साल पुराने देवताओं के विभिन्न मुखौटे आकर्षण का केंद्र रहे। महाराजा हिरण्यकश्यप, ब्रह्मा, विष्णु, महेश, गणेश, हनुमान, गरूड़, सुग्रीव व होलिका के मुखौटे पहने भक्त जब प्रभातफेरी में थिरकते चल रहे थे तो बच्चों में काफी उत्साह नजर आया। महिलाएं भजन गाती चल रही थीं। मंदिर के पुजारी पंडित छोटेलाल शर्मा ने बताया कि प्रभातफेरी के पूर्व सुबह 21 ब्राह्मणों और आचार्यों के सान्निध्य में मंत्रोच्चार के साथ प्राचीन नृसिंह प्रतिमा का दूध, दही, शहद, पंचामृत से अभिषेक किया गया। मंदिर को फूलों से सजाया गया। प्रभातफेरी के समापन पर 108 बातियों से कांकड़ा महाआरती धूमधाम से की गई।

शाम को खंभ फाड़ प्रकट होंगे भगवान नृसिंह, शोभायात्रा निकलेगी
आज शाम प्राचीन नृसिंह मंदिर के आगे बने विशाल मंच पर भगवान नृसिंह खंभ फाड़ प्रकट होंगे और भक्त प्रहलाद को गले लगाएंगे। इस नाटिका के मंचन के बाद हजारों श्रद्धालुओं के जय-जयकार के साथ पारंपरिक शोभायात्रा धूमधाम से निकाली जाएगी। भगवान के प्राकट्य का जीवंत मंचन के लिए विशेष तैयारियां की गई हैं। शोभायात्रा मार्ग को भगवा पताकाओं से सजाया गया है। विभिन्न व्यावसायिक संगठनों और संस्थाओं द्वारा मंच लगाकर शोभायात्रा पर पुष्प वर्षा की जाएगी। यात्रा समापन पर मंदिर पर महाआरती होगी और दर्शन का सिलसिला शुरू होगा, जो रात तक चलेगा।

©2026 Agnibaan , All Rights Reserved