
इंदौर। इंदौर पुलिस कमिश्नरेट द्वारा साइबर अपराधियों और उनके मददगारों के खिलाफ लगातार कड़ा शिकंजा कसा जा रहा है। इसी कड़ी में तुकोगंज थाना पुलिस ने ‘ऑपरेशन मैट्रिक्स 2.0’ के तहत एक बड़े फर्जीवाड़े का खुलासा करते हुए म्यूल बैंक खातों के जरिए 18 लाख रुपए से अधिक की साइबर ठगी करने वाले दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपी चंद हजार रुपयों के लालच में अपने बैंक खाते साइबर ठगों को बेच देते थे।
देश भर में हो रहे साइबर अपराधों पर लगाम लगाने और उनके वित्तीय नेटवर्क को ध्वस्त करने के लिए इंदौर पुलिस पूरी तरह मुस्तैद है। तुकोगंज थाना पुलिस को राज्य साइबर पुलिस मुख्यालय से एक पत्र और ‘ऑपरेशन मैट्रिक्स 2.0’ के अंतर्गत महत्वपूर्ण तकनीकी जानकारियां प्राप्त हुई थीं। इसी आधार पर पुलिस ने साइबर अपराधों में इस्तेमाल किए जा रहे संदेहास्पद म्यूल बैंक खातों की गहराई से जाँच की।जांच के दौरान श्रीवर्धन कॉम्प्लेक्स, आरएनटी मार्ग स्थित इंडियन बैंक की एक शाखा के बैंक खाते की जानकारी सामने आई, जिसका उपयोग शातिर साइबर अपराधियों द्वारा म्यूल अकाउंट के रूप में किया जा रहा था। पुलिस की छानबीन में यह चौंकाने वाला तथ्य सामने आया कि इस खाते में देश के विभिन्न राज्यों से साइबर धोखाधड़ी से जुड़ी कुल अठारह लाख बारह हजार चार सौ ग्यारह रुपए की राशि प्राप्त हुई थी।
इन शिकायतों के तार तेलंगाना और कर्नाटक सहित देश के अन्य राज्यों से जुड़े पाए गए हैं।पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने खुलासा किया कि वे महज 5,000 से 10,000 रुपये के चंद रुपयों के लालच में अपने बैंक खाते साइबर अपराधियों को उपलब्ध करा देते थे। इन खातों का उपयोग देश के अलग-अलग हिस्सों में भोले-भाले नागरिकों के साथ की गई साइबर ठगी की रकम को ट्रांसफर करने और खपाने के लिए किया जाता था। इस तरह आरोपी थोड़े से मुनाफे के चक्कर में सीधे तौर पर साइबर धोखाधड़ी के इस बड़े अंतरराज्यीय नेटवर्क का हिस्सा बन गए थे। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए इस मामले में हरेंद्र सिंह पटेल निवासी नंदबाग कॉलोनी, इंदौर और अमित जायसवाल निवासी जयराज नगर, नंदबाग कॉलोनी के पास, इंदौर को गिरफ्तार कर लिया है।तुकोगंज थाने में आरोपियों के खिलाफ सुसंगत धाराओं में प्रकरण दर्ज कर लिया गया है।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved