
इंदौर। इंदौर को नशा मुक्त बनाने के लिए पुलिस लगातार एक्शन मोड में है। इसी कड़ी में खजराना थाना पुलिस ने एक ऐसे तस्कर को दबोचा है जो प्रॉपर्टी ब्रोकर का काम करता था, लेकिन असल में वह गांजे की सप्लाई कर रहा था। आरोपी को उस वक्त पकड़ा गया जब वह स्कूटी से नशे की खेप पहुँचाने की फिराक में था। आखिर कौन-कौन जुड़ा है इसके नेटवर्क से…
खजराना थाना पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि स्कीम नंबर 134 स्थित चार्टर्ड बस स्टॉप के पीछे एक व्यक्ति नशीले पदार्थ की डिलीवरी देने आने वाला है। थाना प्रभारी मनोज सिंह सेंधव ने तुरंत टीम गठित कर घेराबंदी की। पुलिस को देखते ही स्कूटी सवार एक शख्स ने भागने की कोशिश की, लेकिन टीम ने उसे मुस्तैदी से दबोच लिया। पकड़े गए आरोपी की पहचान एरोड्रम क्षेत्र के रहने वाले अनिल कौशल के रूप में हुई है। तलाशी लेने पर उसके पास से 2 किलो से अधिक अवैध गांजा बरामद हुआ। आरोपी केवल 8वीं तक पढ़ा-लिखा है और वर्तमान में प्रॉपर्टी ब्रोकर के तौर पर काम कर रहा था। पूछताछ में उसने कबूल किया कि वह खुद भी नशे का आदी है और जल्दी अमीर बनने के चक्कर में तस्करी के धंधे में उतर गया। पुलिस अब उसके मोबाइल डेटा और कॉल रिकॉर्ड्स के जरिए उसके मुख्य सप्लायर और ग्राहकों की तलाश कर रही है।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved