
कई क्षेत्रों में पानी की किल्लत से लोग परेशान
इंदौर। सोशल मीडिया (social media) पर पार्षद (councilor) भारत रघुवंशी (Bharat Raghuvanshi) का एक वीडियो वायरल (video viral) हो रहा है, जिसमें वह पानी के लिए परेशान महिलाओं को जात-पात की बात कहते हुए तमाम सुझाव दे रहे हैं। धार रोड से लेकर गंगवाल और उसके आसपास के क्षेत्रों में पानी की किल्लत के चलते बड़ी संख्या में महिलाएं पार्षद के पास परेशानी बताने पहुंची थीं।
शहर के कई इलाकों में नगर निगम पानी बांटने के लिए टैंकर दौड़ा रहा है, मगर उसके बावजूद कई जगह लोगों को पानी नहीं मिल रहा है और इसको लेकर गुस्साए लोग पार्षदों के कार्यालयों पर पहुचंकर अपनी पीड़ा बता रहे हैं। यह सिलसिला पिछले 20-25 दिनों से कई वार्डों में चल रहा है। कल धार रोड, गंगवाल, एमओजी लाइन से लेकर कई अन्य क्षेत्रों में पानी नहीं मिलने को लेकर महिलाएं बड़ी संख्या में इकट्ठा होकर क्षेत्रीय पार्षद भारत रघुवंशी के कार्यालय पहुंचीं और वहां पानी नहीं मिलने को लेकर शिकायत करती रहीं। महिलाओं का कहा था कि उन्हें पानी नहीं मिल रहा है और उसके लिए काफी संघर्ष करना पड़ता है। टैंकर भी कभी आते हैं, कभी अन्य क्षेत्रों में पानी बांटकर चले जाते हैं। यह मामला चल रहा था कि इसी बीच पार्षद रघुवंशी ने महिलाओं को जात-पात को लेकर चर्चा शुरू कर दी और कहा कि कई अन्य वर्ग के लोग कितने एक्टिव हैं और उनकी समस्याएं के लिए वे किस प्रकार मोर्चा संभालते हैं। कई महिलाओं ने तो उन्हें सीधे शब्दों में कह दिया कि हम पानी की शिकायत लेकर आए हैं।