
जालना । जालना जिले (Jalna District) के एक गांव में एक युवती के साथ रेप, ब्लैकमेलिंग और धर्म परिवर्तन (Religious Conversion) के लिए दबाव डालने के आरोपों के बाद भारी तनाव का माहौल बन गया है. इस मामले के विरोध में शुक्रवार को हिंदू संगठनों (Hindu organizations) ने विराट जनआक्रोश मोर्चा निकाला.
इस दौरान ‘पीड़िता को न्याय दो’, ‘आरोपियों को फांसी दो’ और ‘महिलाओं पर अत्याचार बंद होने चाहिए’ जैसे नारों से पूरा गांव गूंज उठा. मोर्चे में बड़ी संख्या में महिला, युवक और तमाम हिंदू संगठनों के पदाधिकारी और हिंदू समाज के लोग शामिल हुए. तनावपूर्ण स्थिति को देखते हुए गांव में भारी पुलिस बंदोबस्त तैनात किया गया था.
आरोपी का घर जला, गांव में पुलिस छावनी
इसी बीच मुख्य आरोपी का घर आग में जलकर खाक हो गया, जिससे इलाके में और तनाव बढ़ गया. हालांकि घर में आग कैसे लगी और किसने लगाई, इसे लेकर अब तक कोई आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है. घटना की जानकारी मिलते ही SDOP डॉ. नितीन कटेकर, ASP संतोष माने सहित पुलिस का बड़ा दल मौके पर पहुंचा और स्थिति को नियंत्रण में लिया.
नाबालिग रहते खींची फोटो
पारध पुलिस स्टेशन में दर्ज शिकायत के अनुसार, साल 2016 में जब वह नाबालिग थी, तब गांव के रहने वाले शेख इमरान शेख हबीब पिंजारी नामक (37) विवाहित शख्स ने उसका अर्धनग्न फोटो अपने मोबाइल में खींच लिया.
9 साल का शोषण का आरोप
आरोप है कि फोटो वायरल करने की धमकी देकर आरोपी ने करीब 9 साल तक युवती का मानसिक और शारीरिक शोषण किया. शिकायत में यह भी कहा गया है कि आरोपी ने कई बार जबरदस्ती संबंध बनाए और वीडियो कॉल के जरिए अश्लील हरकतें करने के लिए मजबूर किया. पीड़िता ने यह भी आरोप लगाया है कि आरोपी और उसके परिवार के कुछ सदस्यों ने उस पर धर्म परिवर्तन के लिए दबाव बनाया.
शिकायत के मुताबिक, उसे कुरान पढ़ने के लिए कहा गया, उर्दू और मराठी भाषा में कुरान दी गई और नमाज पढ़ने का तरीका भी सिखाने का प्रयास किया गया.
पीड़िता का आरोप है कि साल 2018 में आरोपी के परिवार ने भी उस पर धर्म परिवर्तन का दबाव बनाया था. पीड़िता का आरोप है की आरोपी के मां-पिता और भाई ने उसे अपने वालसावंगी के घर में बुलाकर जबरदस्ती उसके कपड़े बदलवाकर उसे बुर्का पहनाया, जिससे वह मानसिक रूप से आहत हुई.
शिकायत में यह भी कहा गया है कि 8 मार्च 2026 को आरोपी ने जालना शहर स्थित पीड़िता के घर में घुसकर उसके साथ मारपीट की और जबरदस्ती रेप किया. साथ ही जान से मारने और फोटो वायरल करने की धमकी भी दी.
जालना के एसपी तेगबीर सिंह संधू ने बताया कि इस मामले में पारध पुलिस ने मुख्य आरोपी शेख इमरान, शेख हबीब पिंजारी, उसके भाई शेख जुनेद समेत परिवार के अन्य सदस्यों के खिलाफ मामला दर्ज किया है.
सड़कों पर उतरा जनसैलाब
पुलिस ने मुख्य आरोपी और उसके भाई को गिरफ्तार कर लिया है. दोनों आरोपियों को अदालत ने 5 दिन की पुलिस हिरासत में भेज दिया है. फिलहाल पारध पुलिस मामले की आगे की जांच कर रही है.
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved