
इन्दौर। शहर में गर्मी के तेवर लगातार तीखे होते जा रहे हैं। बीती रात लगातार दूसरी ऐसी रात रही जब इंदौर प्रदेश में सबसे गर्म था। पारा 30 डिग्री पर पहुंचा था, जो प्रदेश में सबसे ज्यादा न्यूनतम तापमान था, वहीं कल लगातार दूसरे दिन भी अधिकतम तापमान 43 डिग्री के आगे रहा। दिन और रात में बढ़े तापमान के कारण लोग गर्मी से बेहाल नजर आए। दिन में बादलों के कारण तीखी धूप से थोड़ी राहत जरूर मिली, लेकिन गर्मी में कोई कमी नहीं आई। वहीं रात को उमस ने भी परेशान किया।
विमानतल स्थित मौसम केंद्र के मुताबिक कल दिन का अधिकतम तापमान 43.6 डिग्री रहा जो सामान्य से 4 डिग्री ज्यादा और परसों के समान ही था। वहीं रात से सुबह के बीच न्यूनतम तापमान 30 डिग्री रहा जो सामान्य से 6 डिग्री ज्यादा लेकिन कल की अपेक्षा 0.2 डिग्री कम था। इसके बाद भी यह प्रदेश में सर्वाधिक था।
इस दौरान हवाओं की दिशा पश्चिमी और उत्तर-पश्चिमी रही। हवाओं की अधिकतम रफ़्तार 33 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंची। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार अगले कुछ दिनों तक ऐसा ही मौसम रहेगा, जिससे गर्मी में कमी की कोई उम्मीद नहीं है। इस दौरान बादलों की आवाजाही बनी रहेगी, जिससे दिन में तेज धूप से राहत मिलेगी। वहीं 21 मई के बाद दिन और रात के तापमान में कमी देखने को मिलेगी।
सर्वाधिक न्यूनतम तापमान वाले प्रमुख शहर
शहर न्यूनतम तापमान
इंदौर 30
उज्जैन 29.2
भोपाल 28.9
रतलाम 28.6
सागर 27.9
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved