
नई दिल्ली। अमेरिकी राजनीति में एक बार फिर बयानबाजी तेज हो गई है। राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप (President Donald Trump) ने चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग (President Xi Jinping) के उस बयान का समर्थन किया है, जिसमें अमेरिका को “ढलता हुआ देश” बताया गया था। ट्रंप ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म Truth Social पर कहा कि जिनपिंग की टिप्पणी “100 प्रतिशत सही” थी और इसके पीछे जो बाइडन सरकार (Biden) की नीतियां जिम्मेदार रहीं।
ट्रंप ने आरोप लगाया कि बाइडन के चार साल के कार्यकाल में अमेरिका को कई मोर्चों पर नुकसान झेलना पड़ा। उनके मुताबिक खुली सीमा नीति, ज्यादा टैक्स, DEI नीतियां, महिलाओं के खेलों में पुरुष खिलाड़ियों की भागीदारी, कमजोर व्यापार समझौते और बढ़ते अपराध ने देश की स्थिति को कमजोर किया।
उन्होंने दावा किया कि उनके दोबारा नेतृत्व संभालने के बाद अमेरिका की स्थिति तेजी से बदली है। ट्रंप के अनुसार पिछले 16 महीनों में शेयर बाजार नई ऊंचाइयों पर पहुंचा है, रोजगार के अवसर बढ़े हैं और विदेशी निवेश में भी इजाफा हुआ है। उन्होंने यह भी कहा कि शी जिनपिंग ने इन उपलब्धियों के लिए उन्हें बधाई दी है।
ट्रंप ने अपने बयान में कहा कि अमेरिका अब आर्थिक और सैन्य दोनों स्तरों पर पहले से अधिक मजबूत बन चुका है। उन्होंने वेनेजुएला और ईरान से जुड़े सैन्य कदमों का जिक्र करते हुए अमेरिकी सेना को दुनिया की सबसे ताकतवर सेना बताया। उन्होंने कहा कि कुछ साल पहले तक अमेरिका कमजोर स्थिति में था, लेकिन अब देश फिर से वैश्विक ताकत के रूप में उभर रहा है। साथ ही ट्रंप ने उम्मीद जताई कि आने वाले समय में अमेरिका और चीन के रिश्ते और बेहतर हो सकते हैं।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved