
इंदौर। इन्वेस्टमेंट के नाम पर लोगों से फ्रॉड करने वाली बीजेटी ग्लोबल प्राइवेट लिमिटेड कंपनी के करीब आधा दर्जन लोगों को दिल्ली पुलिस ने इंदौर से गिरफ्तार किया है। पश्चिमी दिल्ली की साइबर पुलिस को पीड़ित ने शिकायत की थी कि बीजेटी कंपनी के संचालको द्वारा उससे 10 लाख रुपए का इन्वेस्टमेंट करवाया था, जिसकी एवज में उसे 26 लाख रुपए वापस दिए जाने की बात कही थी। इन्वेस्टमेंट के बाद से ही बीजेटी कंपनी के कर्ताधर्ता पीड़ित का फोन नहीं उठा रहे थे। इसकी शिकायत पीड़ित द्वारा पश्चिमी दिल्ली की साइबर पुलिस को की गई थी, जिसके बाद पश्चिमी दिल्ली साइबर पुलिस की टीम बीजेटी ग्लोबल प्राइवेट लिमिटेड के इंदौर में रविंद्र नाथ टैगोर मार्ग स्थित कॉरपोरेट हाउस की पांचवी मंजिल के ऑफिस पर पहुंची थी।
यहां कई घंटे तक सर्च करने के बाद दिल्ली पुलिस ने कुछ लोगों के मोबाइल और कंप्यूटर की हार्ड डिस्क, लैपटॉप जप्त किए है, जिनकी जांच की जा रही है। वहीं जो पीड़ित की शिकायत थी उसके आधार पर छह लोगों को हिरासत में लेकर इंदौर कोर्ट में पेश कर दिल्ली पुलिस अपने साथ दिल्ली लेकर गई है। आरोपियों को मेडिकल के लिए एमवाय अस्पताल ले जाया गया था, जहां उनका मेडिकल होने के बाद उन्हें कोर्ट में पेश किया गया। अब दिल्ली पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर यह जानने का प्रयास करेगी कि इन आरोपियों ने देशभर में कितने लोगों के साथ कितने करोड रुपए की ठगी की है और इनका नेटवर्क कहां-कहां फैला हुआ है।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved