
नई दिल्ली। सरकारी मीडिया रिपोर्टों के अनुसार इस सप्ताह चीन के कुछ हिस्सों में भारी बारिश और बाढ़ आई। इसमें कम से कम 12 लोगों की मौत हो गई है। वहीं, हजारों लोगों को अपना घर छोड़कर सुरक्षित स्थानों पर जाना पड़ा।
सरकारी प्रसारक सीसीटीवी ने बुधवार को बताया कि मध्य चीन के हुनान प्रांत के शिमेन काउंटी में भारी बारिश के बाद पांच लोगों की मौत हो गई। वहीं, 11 लोग लापता हैं। बचाव अभियान जारी है। चीनी आधिकारिक समाचार एजेंसी शिन्हुआ के अनुसार, मंगलवार शाम तक 19,000 से अधिक लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया जा चुका था।
शिन्हुआ ने बताया कि सोमवार सुबह 7 बजे तक पिछले 24 घंटों में काउंटी में कुल 339 मिलीमीटर (लगभग 13 इंच) बारिश दर्ज की गई। उसने यह भी बताया कि इसके एक कस्बे में कुछ ही घंटों में 240 मिलीमीटर (लगभग 9 इंच) बारिश हुई, जिसने ऐतिहासिक रिकॉर्ड तोड़ दिए।
पास के हुबेई प्रांत में, कुछ सड़कें नदियों में तब्दील हो गईं। बचाव दल को फंसे हुए निवासियों की मदद के लिए इन्फ्लेटेबल नावों का इस्तेमाल करना पड़ा। शिन्हुआ की रिपोर्ट के अनुसार, कुछ घर पानी में डूब गए या ढह गए। मंगलवार सुबह तक तीन लोगों की मौत हो गई और चार अन्य लापता थे।
सीसीटीवी ने मंगलवार को यह भी बताया कि दक्षिण-पश्चिमी चीन के गुइझोऊ प्रांत में भारी बारिश और बाढ़ के कारण चार लोगों की मौत हो गई है और पांच अन्य लापता हैं। सीसीटीवी के अनुसार, कुछ इलाकों में घर जलमग्न हो गए, सड़कें क्षतिग्रस्त हो गईं। वहीं, संचार व्यवस्था बाधित हो गई। शिन्हुआ ने बताया कि एक इलाके से 3,700 से अधिक लोगों को विस्थापित करना पड़ा। इसके अलावा, शिन्हुआ की रिपोर्ट के अनुसार, शनिवार को दक्षिणी क्षेत्र ग्वांग्शी में एक पिकअप ट्रक के पुल से गिरने के बाद 10 लोगों की मौत हो गई।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved