
येरुशलम। मध्य पूर्व (Middle East) में जारी संघर्ष एक बार फिर तेज हो गया है. ताजा जानकारी के अनुसार, इजरायल (Israel) ने सीरिया सीमा के निकट पूर्वी लेबनान (Eastern Lebanon near the Syrian border) में 5 हवाई हमले (5 Airstrike) किए हैं. ये हमले ऐसे समय में हुए जब इजरायली सेना ने दक्षिणी लेबनान के कुछ क्षेत्रों के निवासियों को इलाका खाली करने की चेतावनी दी थी. दूसरी ओर, गाजा पट्टी के मध्य हिस्से में स्थित नुसीरात शरणार्थी कैंप पर भी एक बार फिर हमला किया गया, जिसमें कई लोगों के घायल होने की खबर है. हालांकि मृतकों की संख्या को लेकर अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
नुसीरात कैंप पूरे संघर्ष के दौरान बार-बार हमलों का केंद्र बना हुआ है. स्थानीय सूत्रों के अनुसार, लगातार हो रहे हमलों के कारण इलाके में भय और असुरक्षा का माहौल बना हुआ है. राहत और बचाव टीमें प्रभावित क्षेत्रों में लगातार काम कर रही हैं, लेकिन हालात सामान्य होते नहीं दिख रहे।
दक्षिणी लेबनान में 10 लोगों की मौत
लेबनान के स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार, शुक्रवार को दक्षिणी लेबनान में हुए इजरायली हवाई हमलों में कम से कम 10 लोगों की जान चली गई थी. मृतकों में 6 पैरामेडिक्स और एक सीरियाई बच्ची भी शामिल है. मंत्रालय ने बताया कि पहला हमला हनौइयेह गांव में हुआ, जहां हिजबुल्लाह से जुड़े इस्लामिक हेल्थ एसोसिएशन के 4 पैरामेडिक्स की मौत हो गई. वहीं दूसरे हमले में देइर कानौन अल नहर गांव में 6 लोगों की जान गई, जिनमें दो पैरामेडिक्स और एक सीरियाई बच्ची शामिल थीं।
WHO ने जताई चिंता
लेबनान के स्वास्थ्य मंत्रालय ने इन हमलों को अंतरराष्ट्रीय कानून का उल्लंघन बताया है. वहीं विश्व स्वास्थ्य संगठन (WHO) की हालिया रिपोर्ट के अनुसार, इजरायल-हिजबुल्लाह संघर्ष शुरू होने के बाद से लेबनान में स्वास्थ्यकर्मियों और चिकित्सा सुविधाओं पर 169 हमले दर्ज किए गए हैं, जिनमें 116 लोगों की मौत हुई है।
संघर्ष विराम के बावजूद जारी तनाव
अमेरिका की मध्यस्थता में हुए संघर्ष विराम के बावजूद इजरायल और हिजबुल्लाह के बीच तनाव कम नहीं हुआ है. लेबनान के स्वास्थ्य मंत्रालय का कहना है कि हालिया संघर्ष में अब तक 3000 से अधिक लोगों की जान जा चुकी है. इसी बीच अमेरिका ने हिजबुल्लाह से जुड़े कई नेताओं और सुरक्षा अधिकारियों पर नए प्रतिबंध भी लगाए हैं, जिससे क्षेत्रीय तनाव और बढ़ने की आशंका जताई जा रही है।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved