
वडोदरा । केंद्रीय मंत्री सीआर पाटिल (Union Minister CR Patil) ने कहा कि सरकार के रोजगार अभियान से (From Government’s Employment Campaign) हजारों परिवारों को नया सहारा मिला (Thousands of Families got New Support) ।
गुजरात के वडोदरा में शनिवार को 19वें रोजगार मेले का आयोजन किया गया, जिसमें युवाओं को सरकारी नौकरी के लिए नियुक्ति पत्र वितरित किए गए। इस कार्यक्रम में रेलवे, डाक विभाग, बैंक, स्वास्थ्य समेत विभिन्न सरकारी विभागों में चयनित अभ्यर्थियों को नियुक्तियां दी गईं। इसी तरह देशभर के 51 हजार से अधिक युवाओं को नियुक्ति पत्र दिए गए। पीएम मोदी वर्चुअली कार्यक्रम से जुड़े और युवाओं को संबोधित किया। इसके साथ ही देश के कुल 47 स्थानों पर एक साथ रोजगार मेले आयोजित किए गए।
वडोदरा में आयोजित कार्यक्रम में केंद्रीय जलशक्ति मंत्री सीआर पाटिल विशेष रूप से उपस्थित रहे। उन्होंने युवाओं को नियुक्ति पत्र वितरित किए। रोजगार मिलने से युवाओं और उनके परिजनों में खुशी का माहौल देखने को मिला। सरकार के रोजगार अभियान से हजारों परिवारों को नया सहारा मिला है। केंद्रीय मंत्री सीआर पाटिल वडोदरा के प्रतापनगर रेलवे ऑडिटोरियम में आयोजित रोजगार मेला कार्यक्रम में शामिल हुए और नवनियुक्त युवाओं को शुभकामनाएं दीं। पीएम मोदी के नेतृत्व में चलाया जा रहा यह अभियान देश के युवाओं को पारदर्शी एवं तेज भर्ती प्रक्रिया के माध्यम से राष्ट्र निर्माण से जोड़ने का एक महत्वपूर्ण प्रयास है। प्रधानमंत्री के मार्गदर्शन में युवा शक्ति को सशक्त बनाकर विकसित भारत के संकल्प को नई गति मिल रही है।
उन्होंने बताया कि पीएम मोदी के नेतृत्व में 51,000 से अधिक युवाओं को नियुक्ति पत्र प्रदान किया जाना केवल रोजगार उपलब्ध कराना नहीं, बल्कि उनके सपनों, आत्मनिर्भरता और विकसित भारत के संकल्प को नई ऊर्जा देना है। रेलवे, बैंकिंग, रक्षा, स्वास्थ्य और शिक्षा जैसे महत्वपूर्ण क्षेत्रों में युवाओं की भागीदारी राष्ट्र निर्माण को और मजबूती प्रदान करेगी। सशक्त युवा विकसित भारत की सबसे बड़ी शक्ति हैं।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved