
न्यूयॉर्क। अमेरिकी खुफिया एजेंसी सेंट्रल इंटेलिजेंस एजेंसी (CIA) पर हुए साइबर हमले (Cyber Attacks) ने देश के खुफिया नेटवर्क (Intelligence network) की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। हैकर्स ने एजेंसी के एक ऐसे सिस्टम में सेंध लगाई है, जिसका इस्तेमाल सार्वजनिक रूप से उपलब्ध जानकारियों को इकट्ठा करने और उनका विश्लेषण करने के लिए किया जाता था। इस डेटाबेस में सोशल मीडिया पोस्ट, सैटेलाइट तस्वीरों और अन्य खुले स्रोतों से हासिल सूचनाएं मौजूद थीं।
‘न्यूयॉर्क टाइम्स’ की रिपोर्ट के मुताबिक, इस साइबर सेंध का प्रभाव ऑफिस ऑफ द डायरेक्टर ऑफ नेशनल इंटेलिजेंस (ODNI) पर भी पड़ा है। इस घटना के बाद अमेरिकी खुफिया तंत्र में इस्तेमाल होने वाले डिजिटल सिस्टम की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है।
CIA के निशाने पर आए सिस्टम के जरिए अमेरिकी खुफिया एजेंसियां दुनिया के अलग-अलग हिस्सों से सार्वजनिक जानकारियां जुटाती थीं। इन सूचनाओं का विश्लेषण कर संभावित खतरों की पहचान करने और महत्वपूर्ण खुफिया जानकारियां हासिल करने में मदद ली जाती थी।
साइबर हमले के पीछे किसका हाथ, अभी खुलासा नहीं
फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि CIA के सिस्टम में सेंध लगाने के पीछे किस हैकर समूह या देश का हाथ है। न्यूयॉर्क टाइम्स की रिपोर्ट में यह भी जानकारी नहीं दी गई है कि हमलावरों ने सुरक्षा व्यवस्था को किस तरह भेदकर डेटाबेस तक पहुंच बनाई।
यह घटना ऐसे समय सामने आई है, जब अमेरिका के कई अहम सरकारी विभागों और संस्थानों में साइबर सेंधमारी की खबरें सामने आ रही हैं। इनमें अमेरिकी कृषि विभाग में हुई साइबर सेंध भी शामिल है।
इसके अलावा, हाल के दिनों में एफबीआई में दो अलग-अलग साइबर सेंध की घटनाओं का भी खुलासा हुआ है। पेंटागन और अमेरिकी गृह सुरक्षा विभाग भी हालिया साइबर घटनाओं से प्रभावित हुए हैं। लगातार सामने आ रही इन घटनाओं ने अमेरिकी सरकारी संस्थानों के डिजिटल नेटवर्क की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ा दी है।
FBI के क्राइम डेटाबेस पर भी हो चुका है हमला
कुछ दिन पहले हैकर्स ने एफबीआई के नेशनल क्राइम इंफॉर्मेशन सेंटर (NCIC) डेटाबेस को भी निशाना बनाया था। इस सिस्टम के माध्यम से अमेरिका की संघीय, राज्य और क्षेत्रीय कानून प्रवर्तन एजेंसियां आपस में महत्वपूर्ण सूचनाओं का आदान-प्रदान करती हैं।
बताया गया है कि NCIC पर यह दूसरा साइबर हमला था। इससे कुछ महीने पहले भी एफबीआई के सिस्टम में हैकर्स ने सेंध लगाई थी। लगातार हो रहे हमलों से अमेरिकी जांच और सुरक्षा एजेंसियों के संवेदनशील डिजिटल नेटवर्क की सुरक्षा पर सवाल उठ रहे हैं।
माइक्रोसॉफ्ट की सेवाएं भी हुई थीं ठप
इससे पहले अमेरिका में माइक्रोसॉफ्ट को बड़े तकनीकी आउटेज का सामना करना पड़ा था। इसके चलते कंपनी की कई सेवाएं करीब 36 घंटे तक प्रभावित रहीं। इस दौरान ग्राहक आउटलुक, टीम्स और ऑफिस के कई ऐप्स का इस्तेमाल नहीं कर सके थे।
CIA, FBI और अन्य सरकारी संस्थानों में साइबर सेंध की घटनाओं के बीच माइक्रोसॉफ्ट की सेवाओं में आई रुकावट ने भी अमेरिका के डिजिटल बुनियादी ढांचे की सुरक्षा और विश्वसनीयता को लेकर बहस तेज कर दी है।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved