
इंदौर। दो दिन पहले वार्ड क्रमांक 47 में बन रही पानी की टंकी को लेकर दो परिवारों द्वारा की जा रही न्यायालयीन कार्यवाई पर क्षेत्र के लोगों द्वारा उनके घर के सामने प्रदर्शन के बाद दोनों परिवार सामने आए और अपने-अपने घर के बाहर बैनर लगाकर लिखा कि हमें टंकी निर्माण में कोई आपत्ति नहीं, लेकिन हमें जान की सलामती की गारंटी दी जाए तो?
वार्ड क्रमांक 47 में बनने वाली पानी की टंकी से करीब 15 हजार घरों को फायदा मिलेगा। इसकी मांग लंबे समय से की जा रही है। टंकी जहां बनना है, वहां के दो परिवारों द्वारा इस मामले में आपत्ति ली गई है। उनका कहना है कि अगर यहां टंकी बनती है तो उनके परिवार की सुरक्षा को खतरा हो सकता है। इसके बाद मामला कोर्ट में भी पहुंच गया। प्रदर्शन के बाद यहां रहने वाले दोनों परिवारों के सुनील न्याती, अमित काबरा, अंकित सुरेका और सुधीर वाधवानी ने अपने घर के मेन गेट पर एक बैनर लगाया है, जिस पर लिखा है कि हम टंकी निर्माण के विरोध में नहीं हैं।
हमारे घर की दीवार से सटाकर नगर निगम द्वारा बनाई जा रही पानी की टंकी से हमारे परिवार की सुरक्षा को खतरा हो सकता है। हमारी जान की सुरक्षा सुनिश्चित करते हुए टंकी का निर्माण किया जाए। दोनों परिवारों ने सुरक्षा मानकों के अनुसार स्वीकृत नक्शा एवं डिजाइन उपलब्ध कराने की मांग भी की है। इस पर क्षेत्रीय पार्षद और एमआईसी मेम्बर नंदकिशोर पहाडिय़ा ने आश्वासन दिया। माना जा रहा है कि उक्त परिवार से बातचीत के बाद टंकी निर्माण का रास्ता खुल सकता है, जिससे एक दर्जन से अधिक कालोनियों के लोगों की जल समस्या का निराकरण हो सकेगा।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved