
मृगनयनी चौराहे पर लगने वाले जाम से मिलेगी राहत, करीब 15 फीट से ज्यादा के हिस्से में लेफ्ट टर्न होगा तैयार
इंदौर। पिछले कई सालों से पुराना एमजी रोड थाना भवन (Old MG Road police station) को तोड़ने (break) का मामला उलझन में पड़ा था और निगम (Corporation) ने कुछ दिनों पहले ही एक एजेंसी को काम सौंपा था और पुराने थाना भवन को तोड़ने का काम लगभग पूरा कर लिया गया है। अब वहां से सीधे मृगनयनी एमजी रोड की ओर 15 फीट चौड़ा लेफ्ट टर्न तैयार किया जाएगा, जिससे शिवाजी मार्केट और निगम की ओर से आने वाले वाहन चालक सीधे इसका उपयोग कर सकेंगे।
नगर निगम ने मृगनयनी चौराहे को संवारने की योजना के तहत एमजी रोड के पुराने थाना भवन के स्थान पर नई बिल्डिंग निगम के समीप सरकारी स्कूल की जमीन पर बनाई थी और थाना वहीं संचालित हो रहा है। पुराना थाना भवन को तोड़ने के लिए निगम ने कुछ ठेकेदारों से बात की थी, लेकिन उन्होंने कम राशि बताई थी, जिसके चलते अधिक राशि की मांग के कारण मामला अटका हुआ था। अब कुछ दिनों पहले निगम ने एक ठेकेदार को काम सौंपकर थाना भवन तोड़ना शुरू किया और अब लगभग सारा हिस्सा तोड़ा जा चुका है। नगर निगम अधिकारियों के मुताबिक 10 से 15 दिनों में वहां मंदिर के समीप से लेफ्ट टर्न बनाने का काम शुरू होगा, वहां थाना भवन तोड़ने के बाद काफी जमीन निगम को मिल रही है और इसमें से लेफ्ट टर्न का हिस्सा मृगनयनी के सामने एमजी रोड तक बनाया जाएगा, शेष बचे हिस्सों में बाउंड्रीवाल बनाई जाएगी। इसके अलावा एजेंसी फायनल कर दी गई है और जल्द ही काम शुरू कराया जाएगा, इससे वाहन चालकों को नई सुविधा मिलेगी और सीधे एमजी रोड की ओर वाहन चालक जा सकेंगे। अब तक वाहन चालक मृगनयनी चौराहे पर आकर ट्रैफिक पाइंट पर फंस जाते थे और वहां कई बार इसी के चलते जाम की नौबत बन जाती थी।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved