
इंदौर। इंदौर के जैन मंदिर चोरी मामले में पुलिस ने एक बार फिर बड़ा एक्शन लेते हुए चोरी गैंग की कमर तोड़ने का दावा किया है। पहले चार आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद अब तीन और आरोपी पुलिस के शिकंजे में आ गए हैं। लाखों की मूर्तियां, चांदी के बर्तन और धार्मिक सामान बरामद होने के बाद इस मामले में अब तक कुल सात आरोपी गिरफ्त में आ चुके हैं।
दरअसल मामला एरोड्रम थाना क्षेत्र में हुए चर्चित जैन मंदिर चोरी मामले में पुलिस लगातार आरोपियों तक पहुंच रही है। पहले पकड़े गए चार आरोपियों से पूछताछ के बाद पुलिस ने देर रात धार रोड पर दबिश देकर तीन अन्य आरोपी लखन मकवाना, दीपक रोहिदास और रामबाबू यादव को गिरफ्तार किया। बताया जा रहा है कि आरोपी बाइक से भागने की कोशिश कर रहे थे, लेकिन पुलिस की घेराबंदी के बीच उनकी बाइक अनियंत्रित होकर गिर गई और तीनों आरोपी घायल हो गए। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से करीब साढ़े तेरह लाख रुपए कीमत का सामान बरामद किया है, जिसमें 15 किलो वजनी अष्टधातु की मूर्तियां, चांदी के बर्तन, कलश और चांदी की थालियां शामिल हैं। इससे पहले पुलिस ललित चौहान, विशाल केवट, ओमप्रकाश चौहान और गीता बाई को गिरफ्तार कर चुकी है। फिलहाल पुलिस ने तीनों आरोपियों को कोर्ट में पेश कर दिया है, जबकि इस पूरे चोरी कांड में अब भी दो आरोपी फरार हैं, जिनकी तलाश जारी है।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved