वाशिंगटन। अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो (Marco Rubio) ने ईरान के साथ रुकी हुई परमाणु वार्ता (Nuclear negotiations) को लेकर उम्मीद जताई है। हालांकि उन्होंने यह भी साफ किया कि मौजूदा हालात अब भी संवेदनशील बने हुए हैं और किसी ठोस समझौते तक पहुंचने का रास्ता आसान नहीं दिख रहा।
ईरान से जुड़े हालिया तनाव और संघर्ष के बाद पहली बार सार्वजनिक गवाही देते हुए रुबियो ने अमेरिकी सीनेट की एक समिति के सामने कहा कि तेहरान कुछ ऐसे परमाणु मुद्दों पर बातचीत के लिए तैयार नजर आ रहा है, जिन पर पहले चर्चा की संभावना भी बेहद कम मानी जाती थी।
रुबियो के मुताबिक, ईरानी नेतृत्व अब अपने परमाणु कार्यक्रम के कुछ संवेदनशील पहलुओं पर भी चर्चा करने के संकेत दे रहा है। उन्होंने कहा कि कुछ समय पहले तक जिन मुद्दों पर बातचीत से साफ इनकार किया जाता था, अब उन पर संवाद की संभावना बनती दिखाई दे रही है। हालांकि, उन्होंने इन बिंदुओं का विस्तार से खुलासा नहीं किया।
समझौते की राह आसान नहीं
अमेरिकी विदेश मंत्री ने चेतावनी देते हुए कहा कि केवल बातचीत के लिए तैयार होना किसी अंतिम समझौते की गारंटी नहीं है। उनके अनुसार, ईरान के भीतर मौजूद राजनीतिक और रणनीतिक अस्थिरता के कारण वार्ता प्रक्रिया जटिल बनी हुई है।
रुबियो ने संकेत दिया कि कूटनीतिक स्तर पर संवाद की संभावनाएं अभी खत्म नहीं हुई हैं, लेकिन मौजूदा हालात को देखते हुए किसी निर्णायक नतीजे तक पहुंचने में समय लग सकता है।
इस बीच, क्षेत्रीय तनाव और युद्धविराम की स्थिति को लेकर भी चिंताएं बनी हुई हैं, जिससे पश्चिम एशिया में स्थिरता को लेकर अंतरराष्ट्रीय समुदाय की नजरें ईरान-अमेरिका संबंधों पर टिकी हुई हैं।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved