
डेस्क: अमेरिका की दो प्रमुख खुफिया एजेंसियों CIA और ऑफिस ऑफ द डायरेक्टर ऑफ नेशनल इंटेलिजेंस (ODNI) के बीच पिछले कुछ समय से तनाव बढ़ता जा रहा है. सूत्रों के मुताबिक, CIA ने ईरान युद्ध समेत कुछ अहम खुफिया रिपोर्टों पर काम करना बंद कर दिया है. दोनों एजेंसियों में जानकारी साझा करने और काम की जिम्मेदारियों को लेकर मतभेद चल रहे हैं. रिपोर्ट के मुताबिक, यह विवाद फरवरी 2025 में तुलसी गबार्ड के डायरेक्टर ऑफ नेशनल इंटेलिजेंस (DNI) बनने के बाद शुरू हुआ था.
सूत्रों ने बताया कि ईरान से जुड़े कई खुफिया आकलनों में अब CIA पहले की तरह नियमित रूप से शामिल नहीं हो रही है. अमेरिका फरवरी से ईरान से जुड़े सैन्य संघर्ष में शामिल है. ऐसे में दोनों एजेंसियों के बीच कोऑर्डिनेशन कम होता दिखाई दे रहा है. सूत्रों का कहना है कि CIA और ODNI अब लगभग अलग-अलग एनालिसिस करने वाली एजेंसियों की तरह काम कर रहे हैं. तुलसी गबार्ड कैंसर पीड़ित पति की देखभाल के लिए 22 मई 2026 को इस्तीफा दे चुकी हैं.
पिछले साल दोनों एजेंसियों के बीच तनाव इतना बढ़ गया था कि CIA ने कुछ समय के लिए नेशनल इंटेलिजेंस काउंसिल (NIC) की रिपोर्ट्स को अपने इंटरनल नेटवर्क पर जारी करना बंद कर दिया था. इससे इन रिपोर्ट्स तक पहुंच प्रभावित हुई. हालांकि एक अमेरिकी अधिकारी ने कहा कि यह समस्या सिर्फ कुछ घंटों तक रही और इसकी वजह तकनीकी प्रक्रिया से जुड़ी दिक्कत थी.
सूत्रों के मुताबिक, तुलसी गबार्ड ने पद संभालते ही राष्ट्रपति को दी जाने वाली रोजाना की खुफिया रिपोर्ट प्रेसिडेंशियल डेली ब्रीफ (PDB) पर ज्यादा कंट्रोल रखा. पहले इस रिपोर्ट को तैयार करने में CIA की अहम भूमिका होती थी.
इसके बाद गबार्ड ने डायरेक्टर्स इनिशिएटिव्स ग्रुप नाम का स्पेशल ग्रुप बनाया. इसका मकसद खुफिया एजेंसियों में कथित राजनीतिक पक्षपात की जांच करना बताया गया. इस समूह ने पूर्व राष्ट्रपति जॉन एफ. कैनेडी की हत्या से जुड़े दस्तावेजों को सार्वजनिक करने, चुनावी वोटिंग मशीनों की सुरक्षा की जांच और कोविड-19 के ओरिजिन की पड़ताल पर भी काम किया.
हालांकि कई पूर्व खुफिया अधिकारियों और आलोचकों का आरोप है कि इस ग्रुप का इस्तेमाल राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के राजनीतिक विरोधियों के खिलाफ कार्रवाई के लिए किया गया. समूह के सदस्यों का मानना था कि CIA ने उनकी जांच के लिए जरूरी खुफिया जानकारी और दस्तावेज पूरी तरह उपलब्ध नहीं कराए.
मई 2025 में गबार्ड ने NIC का नेतृत्व कर रहे CIA के दो सीनियर अफसरों को हटा दिया. अगस्त 2025 में गबार्ड ने 37 ऑन ड्यूटी और पूर्व अधिकारियों की सुरक्षा मंजूरी रद्द कर दी. इस दौरान विदेश में तैनात CIA के एक सीक्रेट अफसर की पहचान भी सामने आ गई. गबार्ड ने आरोप लगाया कि इन लोगों ने खुफिया जानकारी को राजनीतिक रूप से इस्तेमाल किया और लीक किया, लेकिन इसके भी कोई सबूत सार्वजनिक नहीं किए गए.
पिछले महीने यह विवाद खुलकर सामने आया जब डायरेक्टर्स इनिशिएटिव्स ग्रुप से जुड़े एक CIA अधिकारी ने अमेरिकी सीनेट की समिति को बताया कि CIA ने कोविड-19 की उत्पत्ति से जुड़ी जानकारी तक उनकी पहुंच रोक दी थी. इसके बाद इंटेलिजेंस कम्युनिटी के इंस्पेक्टर जनरल ऑफिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है. फिलहाल यह साफ नहीं है कि यह जांच कितनी बड़ी होगी.
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved