
डेस्क। ICC वुमेंस टी20 वर्ल्ड कप 2026 का आगाज 12 जून से होने वाला है। इस टूर्नामेंट में टीम इंडिया की कप्तान हरमनप्रीत कौर के पास इतिहास रचने का मौका होगा। वह टी20 इंटरनेशनल (मेंस और वुमेंस) में 200 मैच खेलने वाली पहली खिलाड़ी बन सकती हैं। वह अपने करियर में अभी तक 197 मैच खेल चुकी हैं और आगामी टी20 वर्ल्ड कप में वह अगर 3 मैच और खेलती हैं तो वह इस रिकॉर्ड को अपने नाम लेंगी। मेंस और वुमेंस T20I में कोई भी खिलाड़ी अभी तक इस उपलब्धि को हासिल नहीं कर पाया है।
वुमेंस टी20 इंटरनेशनल में सबसे ज्यादा मैच खेलने वाली खिलाड़ी की बात करें तो हरमनप्रीत कौर के बाद लिस्ट में दूसरे नंबर पर न्यूजीलैंड की दिग्गज बल्लेबाज सूजी बेट्स का नाम है। वह अपने करियर में अभी तक 183 मैच खेल चुकी हैं और इस दौरान उनके बल्ले से 4720 रन आए हैं। वहीं इंग्लैंड की डेनियल वॉट इस लिस्ट में तीसरे नंबर पर है। उन्होंने अभी तक 180 मैच खेले हैं और वहां 3369 रन बनाए हैं। ऑस्ट्रेलिया की एलिस पेरी 174 मैच खेलकर चौथे नंबर पर और भारत की स्मृति मंधाना 166 मुकाबले खेलकर पांचवें नंबर पर हैं।
हरमनप्रीत कौर की बात करें तो 2009 से लेकर अभी तक सभी टी20 वर्ल्ड कप में हिस्सा ले चुकी हैं। यह हरमन के करियर का 10वां टी20 वर्ल्ड कप होगा। वह अपने करियर में अभी तक 39 टी20 वर्ल्ड कप मुकाबले खेल चुकी हैं। इस दौरान उनके बल्ले से 33 पारियों में 25.03 के औसत से 726 रन आए हैं। टी20 वर्ल्ड कप में हरमन के नाम एक शतक भी दर्ज है। इस टूर्नामेंट में उनका हाईएस्ट स्कोर 103 रन का रहा है।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved