नई दिल्ली। दक्षिण दिल्ली (South Delhi) के मालवीय नगर स्थित एक होटल में हुए भीषण अग्निकांड (Bhishan Agnikand) में मृतकों की संख्या बढ़कर 22 हो गई है। आग में गंभीर रूप से झुलसे एक विदेशी नागरिक (Foreign nationals) की अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई। पुलिस ने रविवार को इसकी पुष्टि की।
यह हादसा बुधवार सुबह हौज रानी इलाके स्थित फ्लोरिश स्टेज़ बी एंड बी होटल में हुआ था, जहां अचानक लगी आग ने विकराल रूप ले लिया। इस दर्दनाक घटना में अब तक 16 वर्षीय एक किशोरी समेत कई विदेशी नागरिकों की जान जा चुकी है। मृतकों में किर्गिस्तान, नाइजीरिया, बांग्लादेश, इराक, कांगो, मोजाम्बिक और लाइबेरिया के नागरिक शामिल बताए गए हैं।
दक्षिण जिला पुलिस उपायुक्त (DCP) अनंत मित्तल के अनुसार, आग में घायल एक विदेशी नागरिक ने शनिवार देर रात दिल्ली के अस्पताल में दम तोड़ दिया। इसके साथ ही हाल के वर्षों में राजधानी में हुए सबसे भीषण अग्निकांडों में शामिल इस हादसे में मरने वालों का आंकड़ा 22 तक पहुंच गया है।
मामले की जांच कर रही दिल्ली पुलिस ने होटल मालिक लवकेश बजाज और होटल के रसोइये को गिरफ्तार किया है। पुलिस का कहना है कि शुरुआती जांच में लापरवाही के संकेत मिले हैं और रसोइये की कथित गलती आग लगने की वजह हो सकती है। हालांकि, आग लगने के सटीक कारणों की पुष्टि के लिए जांच जारी है।
पुलिस होटल से जुड़े अन्य कर्मचारियों और संबंधित लोगों से भी पूछताछ कर रही है ताकि पूरे घटनाक्रम को स्पष्ट किया जा सके। वहीं, होटल मालिक के खिलाफ गैर इरादतन हत्या समेत कई गंभीर धाराओं में मामला दर्ज किया गया है।
सुरक्षा नियमों के उल्लंघन की जांच
प्राथमिक जांच में होटल में सुरक्षा मानकों के उल्लंघन की बात सामने आई है। पुलिस के अनुसार, होटल को केवल छह कमरों के संचालन की अनुमति मिली थी, लेकिन वहां कथित तौर पर 25 कमरे बनाए गए थे। जांच एजेंसियां अनधिकृत निर्माण और अग्नि सुरक्षा उपायों में संभावित खामियों की भी पड़ताल कर रही हैं।
इस बीच, होटल मालिक के सहयोगी जय मिश्रा की तलाश जारी है, जो घटना के बाद से फरार बताया जा रहा है। उसे पकड़ने के लिए पुलिस की कई टीमें छापेमारी कर रही हैं।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved