
वडोदरा। गुजरात के वडोदरा के पॉश रेसकोर्स इलाके में स्थित ‘मलबार गोल्ड’ शोरूम में चोरी की एक हैरान कर देने वाली घटना सामने आई है। खरीदारी के बहाने पहुंची एक हाईप्रोफाइल महिला ने स्टाफ की नजरों से बचकर लाखों रुपये कीमत की सोने और डायमंड की अंगूठी व ईयररिंग्स चुराने की कोशिश की। पूरी घटना शोरूम में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई।
महिला ने चोरी किए गए गहनों को अपने मुंह में छिपा लिया था, ताकि किसी को शक न हो। हालांकि शोरूम स्टाफ की सतर्कता के चलते महिला की हरकत पकड़ में आ गई और उसे मौके पर ही रोक लिया गया। पकड़े जाने पर महिला रो पड़ी। उसने माफी भी मांगी।
सीसीटीवी फुटेज में दिख रहा है कि महिला एक ग्राहक बनकर शोरूम में दाखिल हुई। इसके बाद उसने स्टाफ से सोने और हीरे के गहने देखने का अनुरोध किया। स्टाफ से बातचीत करते हुए, उसने उनका ध्यान भटकाने की कोशिश की और फिर चुपके से सोने-हीरे की बालियों का एक सेट और एक अंगूठी अपने मुंह में छिपा ली।
जब स्टाफ को उसकी गतिविधियों पर संदेह हुआ, तो गहनों की दोबारा गिनती की गई। कुछ गहने गायब पाए जाने पर महिला से पूछताछ की गई। पूछताछ के दौरान महिला घबरा गई, जिसके बाद गायब गहने उसके मुंह के अंदर से बरामद किए गए। इस प्रकार, कई लाख रुपये के कीमती गहनों की चोरी का प्रयास मौके पर ही विफल हो गया।
सूचना मिलने पर अकोटा पुलिस मौके पर पहुंची और महिला को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि क्या महिला ने अन्य स्थानों पर भी इसी तरह की वारदातों को अंजाम दिया है।
अकोटा पुलिस स्टेशन के पीआई डी.वी. बलदानिया ने बताया कि घटना सीसीटीवी कैमरों में रिकॉर्ड हुई थी और पुलिस ने महिला से पूछताछ भी की थी। लेकिन शोरूम संचालकों द्वारा शिकायत न देने और महिला की मानसिक स्थिति को देखते हुए आगे कोई कानूनी कार्रवाई नहीं की गई।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved