
इंदौर। 31 डंडों के वार… बचने के लिए मंदिर से गुरुद्वारे तक भागता रहा बुजुर्ग… लेकिन सिर पर सवार गुस्से ने आखिरकार उसकी जान ले ली। इंदौर के अन्नपूर्णा थाना क्षेत्र में 70 वर्षीय मंदिर ट्रस्टी कैलाश मोदी की बेरहमी से हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। आरोप है कि मंदिर परिसर में शराब पीने से रोकने पर चौकीदार मुकेश शर्मा ने कैलाश मोदी पर ताबड़तोड़ 31 डंडे बरसाए और उन्हें मौत के घाट उतार दिया। हैरानी की बात यह है कि पूरी वारदात सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
सीसीटीवी में दिखाई दे रही ये तस्वीरें इंदौर के अन्नपूर्णा थाना क्षेत्र की हैं, जहां एक मामूली विवाद ने खूनी रूप ले लिया। 70 वर्षीय कैलाश मोदी लंबे समय से मंदिर में सेवा कार्य कर रहे थे। परिजनों के मुताबिक मंदिर में चौकीदार के रूप में काम करने वाला मुकेश शर्मा अक्सर मंदिर परिसर में शराब पीता था। कैलाश मोदी लगातार इसका विरोध करते थे और कई बार उसे समझाइश भी दे चुके थे।बताया जा रहा है कि घटना वाले दिन भी इसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद हुआ। विवाद इतना बढ़ गया कि आरोपी ने डंडा उठाकर बुजुर्ग पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया।
सीसीटीवी फुटेज के अनुसार आरोपी ने कैलाश मोदी पर 31 बार डंडे से वार किए। हमले से बचने के लिए कैलाश मोदी मंदिर से निकलकर पास के गुरुद्वारे की ओर भागे, लेकिन आरोपी ने उनका पीछा नहीं छोड़ा और लगातार हमला करता रहा। गंभीर रूप से घायल कैलाश मोदी को बचाने की कोशिश की गई, लेकिन अत्यधिक चोट लगने के कारण उनकी मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही अन्नपूर्णा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी मुकेश शर्मा को हिरासत में ले लिया। पुलिस ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए और शव को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भिजवाया।वहीं पुलिस का कहना है कि प्रारंभिक जांच में मंदिर परिसर में शराब पीने को लेकर विवाद सामने आया है। आरोपी के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर आगे की जांच की जा रही है।
मंदिर की पवित्रता बनाए रखने की कोशिश करने वाले एक बुजुर्ग की जान चली गई और गुस्से में अंधे आरोपी ने ऐसी वारदात को अंजाम दिया जिसने पूरे शहर को झकझोर कर रख दिया। फिलहाल आरोपी सलाखों के पीछे है और पुलिस मामले की हर कड़ी की जांच में जुटी हुई है।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved