
भोपाल। राजधानी भोपाल के रॉयल मार्केट स्थित एक अस्पताल के बाहर से चार दिन पहले रहस्यमय तरीके से लापता हुआ छह वर्षीय अंश उत्तर प्रदेश के मथुरा में सुरक्षित मिल गया है। भोपाल पुलिस ने त्वरित कार्रवाई और विभिन्न एजेंसियों के सहयोग से बच्चे को सकुशल बरामद कर लिया है। इस सफलता में सीसीटीवी फुटेज, सोशल मीडिया अभियान और उत्तर प्रदेश पुलिस के साथ समन्वय की अहम भूमिका रही।
भोपाल पुलिस आयुक्त संजय कुमार ने बच्चे के सुरक्षित मिलने की पुष्टि करते हुए बताया कि अंश को मथुरा रेलवे स्टेशन पर शासकीय रेलवे पुलिस ने देखा था। सूचना मिलते ही उसे मथुरा की बाल कल्याण समिति की अभिरक्षा में रखा गया। बाद में कोहेफिजा थाना पुलिस की एक टीम मथुरा पहुंची और अंश को अपने संरक्षण में लेकर भोपाल के लिए रवाना हो गई।
पुलिस जांच में सीसीटीवी फुटेज सबसे अहम साबित हुई। फुटेज की जांच के दौरान अंश भोपाल रेलवे स्टेशन के आसपास दिखाई दिया। आगे की रिकॉर्डिंग खंगालने पर पता चला कि 17 जून की रात 12:48 बजे अंश संपर्क क्रांति एक्सप्रेस में चढ़ा था और खिड़की के पास बैठा हुआ दिखाई दे रहा था। यह जानकारी मिलते ही भोपाल पुलिस ने उत्तर भारत की ओर जाने वाली ट्रेनों के रूट पर अलर्ट जारी किया और उत्तर प्रदेश जीआरपी से संपर्क साधा। इसके बाद मथुरा में बच्चे का पता चल गया और उसे सुरक्षित संरक्षण में ले लिया गया।
कोहेफिजा थाना पुलिस के अनुसार अंश, कोहेफिजा क्षेत्र में चौकीदारी करने वाले विजय का बेटा है। उसकी मां रॉयल मार्केट स्थित एक अस्पताल में भर्ती थीं। अंश अपने परिजनों के साथ मां से मिलने अस्पताल आया था। इसी दौरान वह खेलते-खेलते अस्पताल से बाहर निकल गया और घर जाने की कोशिश में रास्ता भटक गया। सीसीटीवी कैमरों में अंश अकेले रॉयल मार्केट, सब्जी मंडी और आसपास के इलाकों से गुजरता हुआ दिखाई दिया। रास्ते में वह एक मस्जिद तक पहुंचा, जहां उसने पानी पिया और फिर आगे बढ़ गया।
सर्च ऑपरेशन के दौरान पुलिस को एक फुटेज मिला, जिसमें अंश रॉयल मार्केट क्षेत्र में एक अज्ञात व्यक्ति की उंगली पकड़कर घूमता हुआ दिखाई दे रहा था। इस फुटेज के सामने आने के बाद पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए उस संदिग्ध व्यक्ति को हिरासत में लिया। पूछताछ में पता चला कि वह एक भिखारी है और बच्चे के अपहरण से उसका कोई संबंध नहीं है।
संदिग्ध व्यक्ति से पूछताछ के कुछ समय बाद पुलिस को सूचना मिली कि अंश रेलवे स्टेशन की ओर गया था। इसके बाद सर्च ऑपरेशन को ट्रेनों और रेलवे नेटवर्क पर केंद्रित किया गया। लगातार प्रयासों और विभिन्न एजेंसियों के सहयोग से आखिरकार अंश मथुरा रेलवे स्टेशन पर सुरक्षित मिल गया।
चार दिनों तक बच्चे की तलाश में जुटे परिवार और पुलिस के लिए यह राहत भरी खबर रही। बच्चे के सुरक्षित मिलने के बाद परिजनों ने पुलिस और प्रशासन का आभार व्यक्त किया है। पुलिस का कहना है कि मामले की सभी परिस्थितियों की जांच की जा रही है, लेकिन फिलहाल सबसे बड़ी राहत यह है कि मासूम अंश पूरी तरह सुरक्षित है और उसे वापस भोपाल लाया जा रहा है।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved