
नई दिल्ली: उत्तर प्रदेश के अयोध्या में स्थित राम मंदिर में दान और चढ़ावे के कथित गबन को लेकर इन दिनों सियासत गरमाई हुई है. सत्ता पक्ष और विपक्ष लगातार एक दूसरे पर हमलावर हैं. इस बीच आम आदमी पार्टी (AAP) के राष्ट्रीय संयोजक और दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल का बयान सामने आया है. उन्होंने सरकार पर आरोपियों को बचाने का आरोप लगाया है.
अरविंद केजरीवाल ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो शेयर किया है, जिसमें उन्होंने कहा है कि राम मंदिर से करोड़ों रुपए के चंदे की चोरी के बावजूद अब तक एक भी FIR क्यों नहीं दर्ज की गई. उन्होंने सवाल उठाया कि मामले में अभी तक कोई FIR दर्ज क्यों नहीं की गई है.केजरीवाल ने वीडियो में कहा ‘राम मंदिर करोड़ों हिंदुओं की आस्था का केंद्र है. उसी राम मंदिर से करोड़ों रुपए का दान चोरी हो गया, फिर भी एक भी FIR दर्ज नहीं की गई. सरकार किसे बचा रही है? इस पाप में शामिल लोग चाहे कितने भी बड़े क्यों न हों, उन्हें सीधे जेल में डाल देना चाहिए. करोड़ों लोगों की आस्था की रक्षा करना ज़रूरी है’.
AAP नेता ने कहा कि बताया जा रहा है कि करीब 200 करोड़ का तो कैश ही चोरी हुआ है. सात ही कई हीरे जवाहरात के बक्से भी चोरी हुए है. उन्होंने कहा कि इस मामले में अभी तक एक भी FIR नहीं हुई. उन्होंने कहा कि न तो यूपी पुलिस ने, न ही सीबीआई ने और न ही ईडी ने कोई FIR दर्ज की. उन्होंने कहा कि केंद्र और राज्य दोनों जगह पर इनकी सरकारें हैं. न तो कोई रेड हुई और न ही किसी को गिरफ्तार किया गया.
उन्होंने कहा कि चोरी के इस इस घोटाले में बहुत बड़े-बड़े नाम शामिल हैं. ऐसे में अगर कार्रवाई होती है तो सरकार भी गिर सकती है.उन्होंने जनता से सवाल किया कि आपके हिसाब से किसे बचाना जरूरी है सरकार को या देश के करोड़ों लोगों की आस्था को. वहीं AAP ने कहा है कि करोड़ों हिंदुओं की आस्था के साथ खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ तुरंत कार्रवाई की जानी चाहिए.
अयोध्या राम मंदिर में कथित चोरी मामले में SIT गहन जांच कर रही है. SIT जांच में हर दिन नए चौंकाने वाले खुलासे हो रहे हैं. जिसमें नकद और चांदी के हार-चरण पादुका की हेराफेरी शामिल है. ट्रस्टी, बैंक कर्मी और आउटसोर्स स्टाफ रडार पर हैं. SIT सात दिनों में सीएम योगी को प्रारंभिक रिपोर्ट सौंपेगी. सीएम योगी ने साफ कहा है कि इस मामले में जो भी दोषी होगा उसे किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा.
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved