वाराणसी। धार्मिक नगरी वाराणसी (Varanasi) में गंगा नदी के बीच नाव पर कथित तौर पर मांस पकाने (cooking meat on a boat) और शराब पार्टी करने का मामला सामने आने के बाद हड़कंप मच गया। सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होते ही पुलिस हरकत में आई और कार्रवाई करते हुए पांच युवकों को गिरफ्तार कर लिया। साथ ही जिस नाव पर पार्टी किए जाने का आरोप है, उसे भी सीज कर दिया गया है।
मामला दशाश्वमेध घाट क्षेत्र का बताया जा रहा है, जहां गंगा की धारा के बीच नाव पर चिकन पकाने और शराब सेवन का वीडियो तेजी से वायरल हुआ। वीडियो के साथ साझा किए गए संदेश में दावा किया गया कि नाव भाजपा से जुड़े एक पार्षद के परिवार की है। हालांकि पुलिस ने स्पष्ट किया है कि वीडियो में संबंधित पार्षद दिखाई नहीं दे रहे हैं।
वीडियो सामने आने के बाद इसे लेकर राजनीतिक और सामाजिक चर्चाएं तेज हो गईं। खास बात यह है कि हाल ही में वाराणसी नगर निगम में सार्वजनिक स्थानों पर मांस-मछली की बिक्री को लेकर सख्ती संबंधी प्रस्ताव चर्चा में रहा है। ऐसे में गंगा के बीच नाव पर मांस पकाने और शराब पार्टी के आरोपों ने मामले को और संवेदनशील बना दिया।
बताया जा रहा है कि वायरल वीडियो करीब एक मिनट से अधिक का है, जिसमें कुछ युवक नाव पर खाना बनाते और पार्टी करते नजर आ रहे हैं। वीडियो सामने आते ही पुलिस ने जांच शुरू कर दी।
पांच आरोपी गिरफ्तार, नाव भी जब्त
पुलिस ने वीडियो की पहचान के आधार पर दीपक कुमार, अजय साहनी, अरुण कुमार साहनी, अनुराग निषाद और राहुल साहनी को गिरफ्तार किया है। सभी आरोपियों की उम्र 25 से 32 वर्ष के बीच बताई गई है।
पुलिस ने संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर सभी आरोपियों को हिरासत में ले लिया है। इसके अलावा घटना में इस्तेमाल की गई नाव को भी जब्त कर लिया गया है।
वीडियो पुराना होने की आशंका
मामले पर जानकारी देते हुए एसीपी दशाश्वमेध, अतुल अंजन त्रिपाठी ने बताया कि वायरल वीडियो की जांच की गई है और उसमें दिखाई देने वाले सभी पांच लोगों को गिरफ्तार कर लिया गया है। उन्होंने कहा कि प्रारंभिक जांच में वीडियो पुराना प्रतीत हो रहा है, हालांकि इसकी पुष्टि के लिए जांच जारी है।
लोगों से की गई अपील
पुलिस अधिकारियों ने लोगों से अपील की है कि वे ऐसे किसी भी कार्य से बचें जिससे धार्मिक या सामाजिक भावनाएं आहत हों। अधिकारियों ने चेतावनी दी कि सार्वजनिक व्यवस्था और भावनाओं को प्रभावित करने वाले मामलों में कानून के तहत सख्त कार्रवाई की जाएगी।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और वायरल वीडियो से जुड़े अन्य पहलुओं की भी पड़ताल की जा रही है।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved