
भोपाल। मध्य प्रदेश (Madhya Pradesh) के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव (CM Mohan Yadav) ने गोंडवाना साम्राज्य की महान शासिका वीरांगना रानी दुर्गावती (Rani Durgavati) के बलिदान को नमन करते हुए एक बड़ी घोषणा की है। वीरांगना रानी दुर्गावती समाधि स्थल पर आयोजित एक भव्य कार्यक्रम में मीडिया से मुखातिब होते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि रानी दुर्गावती का अद्वितीय बलिदान सदियों से देशवासियों को प्रेरित करता आया है। जनभावनाओं और स्थानीय जनप्रतिनिधियों की मांग का सम्मान करते हुए राज्य सरकार अब जबलपुर एयरपोर्ट का नामकरण ‘वीरांगना रानी दुर्गावती’ के नाम पर करने जा रही है।
सीएम मोहन यादव ने कहा कि देश के किसी भी कोने से जब कोई उड़ान यहां पहुंचे, तो यात्रियों को इस पावन भूमि के गौरवशाली इतिहास और रानी दुर्गावती के शौर्य की याद स्वतः ही आ जाए। मुख्यमंत्री डॉ.मोहन यादव ने बताया कि प्रदेश सरकार रानी दुर्गावती के ऐतिहासिक योगदान को अमर बनाने के लिए लगातार काम कर रही है। इससे पहले सरकार ने जबलपुर और संग्रामपुर जैसी जगहों पर कैबिनेट बैठकें आयोजित कर इतिहास रचा था। साथ ही, जबलपुर के सबसे बड़े नवनिर्मित फ्लाईओवर और यहां बनने जा रहे नए चिड़ियाघर (Zoo) का नाम भी रानी दुर्गावती के नाम पर करने का निर्णय लिया जा चुका है।
मुख्यमंत्री मोहन यादव ने स्पष्ट किया कि जबलपुर एयरपोर्ट के नामकरण का औपचारिक प्रस्ताव जल्द ही राज्य सरकार की सिफारिश के साथ केंद्र सरकार, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री को भेजा जाएगा। इस अवसर पर उनके साथ कैबिनेट मंत्री राकेश सिंह, संपतिया उइके और पूर्व सांसद हेमंत खंडेलवाल सहित कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved