
नई दिल्ली । भारत (India) 20 से 22 नवंबर तक दिल्ली (Delhi) के ऐतिहासिक पुराना किला (Purana Qila) में पहले शंघाई सहयोग संगठन (Shanghai Cooperation Organisation) सभ्यतागत संवाद मंच (Civilizational Dialogue Forum) का आयोजन करने जा रहा है। इस अंतरराष्ट्रीय कार्यक्रम में रूस (Russia), चीन, पाकिस्तान समेत कुल 25 देशों को आमंत्रित किया गया है। अब तक 15 देशों ने अपनी भागीदारी की पुष्टि कर दी है। हालांकि, पाकिस्तान की ओर से अभी तक अंतिम जवाब नहीं आया है। भारत को उम्मीद है कि वह भी इस मंच में शामिल होने की सहमति देगा।
भारत और पाकिस्तान के बीच लंबे समय से तनावपूर्ण संबंध बने हुए हैं। ऐसे माहौल में पाकिस्तान को इस आयोजन का निमंत्रण देना कूटनीतिक और सांस्कृतिक संवाद के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। भारत की ओर से पाकिस्तान के राष्ट्रीय विरासत एवं संस्कृति मंत्री औरंगजेब खान खिची को आमंत्रित किया गया है। केंद्रीय संस्कृति मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने शुक्रवार को कहा कि भारत को उम्मीद है कि पाकिस्तान भी कार्यक्रम में अपनी भागीदारी की पुष्टि करेगा।
इस आयोजन में रूस की भागीदारी भी महत्वपूर्ण रहने वाली है। रूस अपने संस्कृति मंत्रालय का एक उच्चस्तरीय प्रतिनिधिमंडल भारत भेज रहा है। इसके अलावा चीन, कजाकिस्तान, ईरान, ताजिकिस्तान और उज्बेकिस्तान सहित कई देशों के प्रतिनिधियों के शामिल होने की संभावना है। अब तक जिन 15 देशों ने भागीदारी की पुष्टि की है, उनमें बेलारूस, अजरबैजान, आर्मेनिया, बहरीन, नेपाल, सऊदी अरब, तुर्किये और श्रीलंका भी शामिल हैं। भारत ने इस मंच के लिए कुल 25 देशों को आमंत्रित किया है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 20 नवंबर को कार्यक्रम का उद्घाटन करेंगे। उद्घाटन समारोह के बाद 21 और 22 नवंबर को विभिन्न विषयों पर सत्र आयोजित किए जाएंगे। इन बैठकों में सभ्यता और संस्कृति से जुड़े चार व्यापक विषयों पर चर्चा होगी। इनमें सभ्यतागत एवं सांस्कृतिक अभिव्यक्ति, कला और वास्तुकला, भाषा, साहित्य तथा पांडुलिपियों से जुड़े विषय शामिल हैं। इन सत्रों के माध्यम से अलग-अलग देशों की सांस्कृतिक परंपराओं, ऐतिहासिक विरासत और विचारों को साझा करने का अवसर मिलेगा।
केंद्रीय संस्कृति मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत के मुताबिक, भारत इस पहल के जरिए SCO को केवल भू-राजनीतिक और आर्थिक सहयोग तक सीमित नहीं रखना चाहता। भारत की कोशिश है कि संगठन के सदस्य और आमंत्रित देश साझा सभ्यतागत विरासत तथा मानवीय मूल्यों पर भी विचार-विमर्श करें। उनका कहना है कि संस्कृति अलग-अलग देशों और सभ्यताओं के बीच संवाद शुरू करने के साथ विश्वास का पुल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती है।
पहले SCO सभ्यतागत संवाद मंच का आयोजन केंद्रीय संस्कृति मंत्रालय और विदेश मंत्रालय संयुक्त रूप से कर रहे हैं। इसका उद्देश्य सदस्य देशों के बीच सांस्कृतिक संपर्क और आपसी समझ को बढ़ावा देना है। इस मंच पर कला, साहित्य, भाषा और ऐतिहासिक विरासत जैसे विषयों के जरिए सहयोग की संभावनाओं पर चर्चा होगी।
शंघाई सहयोग संगठन में कुल 10 सदस्य देश हैं। इनमें भारत, चीन, रूस, पाकिस्तान, ईरान, कजाकिस्तान, किर्गिस्तान, ताजिकिस्तान, उज्बेकिस्तान और बेलारूस शामिल हैं। अफगानिस्तान और मंगोलिया को संगठन में पर्यवेक्षक देशों का दर्जा प्राप्त है। ऐसे में भारत की मेजबानी में होने वाला यह आयोजन सदस्य देशों के साथ व्यापक सांस्कृतिक संवाद का अवसर बनेगा। अब सबकी नजर पाकिस्तान के जवाब पर है, क्योंकि उसकी भागीदारी की पुष्टि से इस मंच की कूटनीतिक अहमियत और बढ़ सकती है।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved