लाहौर। पाकिस्तान के कराची (Karachi) के निकट मंगलवार रात एक कार्गो विमान रहस्यमय परिस्थितियों में लापता (Cargo plane missing) हो गया। अधिकारियों के अनुसार, संयुक्त अरब अमीरात के शारजाह से कराची आ रहा के2 एयरवेज का बोइंग 737 मालवाहक विमान उड़ान के दौरान तकनीकी समस्या का शिकार हो गया, जिसके कुछ ही मिनट बाद उससे संपर्क पूरी तरह टूट गया।
पाकिस्तान एयरपोर्ट्स अथॉरिटी (PAA) के मुताबिक, विमान ने स्थानीय समयानुसार रात 9:18 बजे नेविगेशन सिस्टम में खराबी की सूचना कराची एरिया कंट्रोल सेंटर (ACC) को दी थी। एयर ट्रैफिक कंट्रोल ने विमान को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए, लेकिन कुछ ही देर बाद रडार पर विमान की ऊंचाई तेजी से कम होती दिखाई दी। इसी दौरान उसने अचानक अपना मार्ग भी बदल लिया और फिर उससे सभी प्रकार का संपर्क समाप्त हो गया।
अधिकारियों ने बताया कि विमान का अंतिम संपर्क कराची से लगभग 155 समुद्री मील पश्चिम में दर्ज किया गया। इसके बाद न तो वह रडार पर दिखाई दिया और न ही रेडियो संचार के जरिए उससे कोई संपर्क स्थापित हो सका।
घटना की सूचना मिलते ही पाकिस्तान एयरपोर्ट्स अथॉरिटी ने रेस्क्यू कोऑर्डिनेशन सेंटर को सक्रिय कर दिया। इसके बाद नौसेना और अन्य संबंधित एजेंसियों की मदद से समुद्र में व्यापक सर्च एंड रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया गया। लापता विमान और उसमें सवार चालक दल की तलाश लगातार जारी है।
PAA ने पुष्टि की है कि कार्गो विमान में कुल पांच क्रू मेंबर मौजूद थे। हालांकि, अभी तक उनकी पहचान सार्वजनिक नहीं की गई है। अधिकारियों ने किसी के सुरक्षित होने या किसी प्रकार के मलबे के मिलने की भी आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।
फिलहाल विमान के लापता होने की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है। शुरुआती जानकारी के अनुसार नेविगेशन सिस्टम में तकनीकी खराबी की सूचना मिली थी, लेकिन वास्तविक कारणों का खुलासा जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगा। विमानन अधिकारी मामले की विस्तृत जांच कर रहे हैं, जबकि बचाव अभियान जारी है।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved