
नई दिल्ली। ज्योतिष शास्त्र (Astrology) के अनुसार 16 जुलाई 2026 को सुख, वैभव और समृद्धि के कारक शुक्र देव (Lord Shukra) अपने स्वामित्व वाले पूर्वाफाल्गुनी नक्षत्र (Purva Phalguni Nakshatra) में प्रवेश करेंगे। शुक्र का यह नक्षत्र परिवर्तन कई राशियों के लिए शुभ परिणाम लेकर आएगा, लेकिन कुछ राशि वालों के लिए आर्थिक, पारिवारिक, स्वास्थ्य और करियर से जुड़े मामलों में सावधानी बरतना जरूरी रहेगा। आइए जानते हैं किन चार राशियों पर इस गोचर का अपेक्षाकृत चुनौतीपूर्ण प्रभाव पड़ सकता है।
वृषभ राशि
शुक्र आपकी राशि के स्वामी हैं, लेकिन इस अवधि में खर्चों पर नियंत्रण रखना आवश्यक होगा। सुख-सुविधाओं और दिखावे से जुड़ी चीजों पर जरूरत से ज्यादा धन खर्च होने से बजट प्रभावित हो सकता है। कर्ज लेने की नौबत भी आ सकती है। परिवार में गलतफहमी या वैचारिक मतभेद बनने की संभावना है, इसलिए धैर्य से काम लें। इस दौरान किसी को बड़ी रकम उधार देने से बचें, क्योंकि धन फंस सकता है।
कन्या राशि
कन्या राशि के जातकों के लिए यह गोचर मानसिक दबाव और अनियोजित खर्च बढ़ा सकता है। कार्यस्थल पर प्रतिस्पर्धा तेज रहने के साथ सहकर्मियों द्वारा आपके काम में कमियां निकालने की कोशिश हो सकती है। कार्यालय की राजनीति से दूरी बनाए रखना बेहतर रहेगा। स्वास्थ्य के मामले में भी सतर्क रहें। आंखों, त्वचा या अत्यधिक थकान जैसी समस्याएं परेशान कर सकती हैं। गुप्त विरोधियों से भी सावधान रहने की जरूरत है।
वृश्चिक राशि
वृश्चिक राशि वालों के लिए शुक्र का यह नक्षत्र परिवर्तन करियर और प्रतिष्ठा के लिहाज से उतार-चढ़ाव ला सकता है। कार्यस्थल पर वरिष्ठ अधिकारियों से मतभेद होने की आशंका है। मेहनत के अनुरूप परिणाम नहीं मिलने से निराशा हो सकती है। प्रेम संबंधों और वैवाहिक जीवन में विश्वास की कमी महसूस हो सकती है। ऐसे में संवाद बनाए रखें और किसी भी अनैतिक या शॉर्टकट वाले रास्ते से बचें, अन्यथा छवि प्रभावित हो सकती है।
मीन राशि
मीन राशि के जातकों के लिए यह गोचर विरोधियों को मजबूत कर सकता है, जिससे मानसिक चिंता बढ़ सकती है। यदि कोई कानूनी मामला चल रहा है तो उसमें भी चुनौतियां सामने आ सकती हैं। अनावश्यक विवादों से दूरी बनाए रखें। साझेदारी में कारोबार करने वालों को वित्तीय लेनदेन में पूरी पारदर्शिता बरतनी चाहिए। साथ ही खानपान और स्वास्थ्य का विशेष ध्यान रखें तथा बाहर के भोजन से परहेज करें।
नकारात्मक प्रभाव कम करने के उपाय
ज्योतिष शास्त्र के अनुसार शुक्र के अशुभ प्रभाव को कम करने के लिए शुक्रवार के दिन सफेद वस्तुएं जैसे चावल, दूध, चीनी या सफेद वस्त्र का दान करना शुभ माना जाता है। इसके अलावा शुक्रवार को या प्रतिदिन ‘ॐ द्रां द्रीं द्रौं सः शुक्राय नमः’ मंत्र का 108 बार जाप करने की सलाह दी जाती है। साथ ही महिलाओं का सम्मान करें और घर की साफ-सफाई का विशेष ध्यान रखें। विशेष रूप से दक्षिण-पूर्व दिशा को स्वच्छ रखना शुभ माना गया है।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved