
उज्जैन। पश्चिम रेलवे के रतलाम मंडल ने 20 जुलाई से उज्जैन सहित 9 बड़े स्टेशनों के पूछताछ केंद्र निजी एजेंसी को सौंपने का फैसला किया है। इसके साथ ही इन स्टेशनों पर टिकट जांच व्यवस्था भी बढ़ाई जाएगी।
रेलमंडल जनसंपर्क अधिकारी मुकेश कुमार के अनुसार 20 जुलाई से मंडल के नौ प्रमुख स्टेशनों पर 10 पूछताछ काउंटर आउटसोर्स एजेंसी संचालित करेगी। एजेंसी करीब 40 प्रशिक्षित कर्मचारियों की तैनाती करेगी। सभी कर्मचारियों को रेलवे की कार्यप्रणाली का प्रशिक्षण दिया जाएगा। वे यात्रियों को ट्रेनों और स्टेशन संबंधी जानकारी देने, कोच गाइडेंस, इंडिकेटर बोर्ड संचालन, स्वचालित व मैनुअल अनाउंसमेंट तथा दिव्यांग और वरिष्ठ नागरिक यात्रियों की सहायता का कार्य करेंगे। अभी इन पूछताछ केंद्रों पर टिकट चेकिंग एवं रिजर्वेशन कैडर के 37 कर्मचारी कार्यरत हैं। टिकट जांच स्टाफ की कमी को देखते हुए मंडल प्रशासन ने उन्हें उनकी मूल ड्यूटी में लगाने का निर्णय लिया है। इससे ट्रेनों में टिकट जांच व्यवस्था मजबूत होगी और रेलवे के राजस्व में भी वृद्धि की उम्मीद है।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved