
श्रीनगर। जम्मू-कश्मीर (Jammu and Kashmir) के पुंछ और राजौरी जिले (Poonch and Rajouri districts) में भारी बारिश (Heavy rain) और बादल फटने से भयंकर बाढ़ और लैंडस्लाइड ने तबाही मचाई है. अब तक 12 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि कई लोग लापता बताए जा रहे हैं. बचाव कार्य जोरों पर है, लेकिन लगातार बारिश के कारण मुश्किलें बढ़ गई हैं।
पुंछ में सबसे ज्यादा नुकसान
पुंछ जिले के सुरनकोट इलाके में बीते दिन तेज बारिश के बाद बादल फटने की घटना के बाद अचानक बाढ़ आई. इससे सबसे ज्यादा तबाही लोअर मुराह गांव में हुई, जहां एक घर पूरी तरह ढह गया. इसमें एक ही परिवार के 8 सदस्यों की मौत हो गई. कई घरों को भी नुकसान पहुंचा है और कुछ लोग अब भी मलबे में दबे हो सकते हैं. इसके अलावा राजौरी जिले में भी दो लोगों की मौत हुई है।
राजौरी में बाढ़ का कहर
राजौरी में भी भारी बारिश से नदियां और नाले उफान पर आ गए हैं. बेला वाला इलाके में नया बस स्टैंड पूरी तरह पानी में डूब गया. सैकड़ों गाड़ियां बह गईं या कीचड़ में फंस गईं. कई दुकानों और घरों में पानी घुस गया. लोगों को सुरक्षित जगहों पर शिफ्ट किया गया है. सड़कें टूट गई हैं, पुल प्रभावित हुए हैं और कई इलाके कट गए हैं।
भारतीय सेना, जम्मू-कश्मीर पुलिस, एसडीआरएफ और स्थानीय प्रशासन ने मिलकर बड़े पैमाने पर बचाव अभियान चलाया. कई लोगों को रस्सियों और खास उपकरणों की मदद से बचाया गया. एक रेस्क्यू ऑपरेशन में 11 लोगों (जिनमें 5 बच्चे शामिल) को सुरक्षित निकाला गया।
बारिश से नहीं राहत, IMD का अलर्ट
मौसम विभाग (IMD) ने जम्मू-कश्मीर में अगले कई दिनों तक भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है. 23 जुलाई तक बारिश जारी रहने की संभावना है. प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि नदियों, नालों और खतरनाक इलाकों से दूर रहें. अनावश्यक यात्रा न करें. मौसम विभाग ने 23 जुलाई तक जम्मू-कश्मीर में मध्यम से भारी बारिश की चेतावनी दी है. स्कूलों को 22 जुलाई तक बंद रखने का फैसला लिया गया है।
मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने बीते दिन सिविल सचिवालय में उच्चस्तरीय बैठक की और स्थिति का जायजा लिया. सीएम उमर ने सभी जिलों को 24 जुलाई तक हर 6 घंटे में स्थिति की रिपोर्ट भेजने के निर्देश दिए हैं. ये रिपोर्ट डिविजनल कमिश्नर के जरिए आपदा प्रबंधन विभाग को भेजी जाएंगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार प्रभावित परिवारों के साथ पूरी तरह खड़ी है. उन्होंने खाने-पीने की चीजों, दवाओं और पानी की निर्बाध सप्लाई सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए हैं.साथ ही बिजली, सड़क और पानी की व्यवस्था जल्द बहाल करने को कहा है।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved