
भोपाल। मध्य प्रदेश में मानसून एक बार फिर सक्रिय हो गया है। मौसम विभाग ने अगले 24 घंटे के दौरान शहडोल, अनूपपुर, डिंडौरी, मंडला और बालाघाट में अतिभारी बारिश की चेतावनी जारी की है। इन जिलों में चार इंच या उससे अधिक वर्षा हो सकती है। वहीं राजधानी भोपाल, इंदौर, जबलपुर, उज्जैन और ग्वालियर समेत अधिकांश जिलों में बादल छाए रहने और हल्की से मध्यम बारिश का दौर बना रहेगा।
मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश में अगले चार दिन तक कई जिलों में तेज बारिश की स्थिति बनी रहेगी। इसकी वजह मानसून द्रोणिका, सक्रिय पवन कतरन क्षेत्र और प्रदेश के पूर्वी व पश्चिमी हिस्सों में बने निम्न दाब क्षेत्रों का प्रभाव है। इन्हीं मौसमी प्रणालियों के चलते प्रदेश में लगातार वर्षा की गतिविधियां बनी हुई हैं।
पिछले कुछ दिनों में हुई बारिश से प्रदेश में वर्षा की कमी पहले के मुकाबले कुछ कम हुई है। 20 जुलाई तक जहां प्रदेश में सामान्य से 17 प्रतिशत कम बारिश दर्ज की गई थी, वहीं बाद के दिनों में यह अंतर घटकर करीब 11 प्रतिशत रह गया है। हालांकि अभी भी प्रदेश औसत वर्षा से पीछे चल रहा है। अब तक प्रदेश में करीब 13 इंच (330.4 मिलीमीटर) बारिश दर्ज हुई है, जबकि इस समय तक 14.6 इंच (370.9 मिलीमीटर) वर्षा हो जानी चाहिए थी। पूर्वी मध्य प्रदेश में सामान्य से 15 प्रतिशत और पश्चिमी मध्य प्रदेश में 8 प्रतिशत कम बारिश रिकॉर्ड की गई है।
अगले 24 घंटे में भोपाल, रायसेन, सीहोर, राजगढ़, विदिशा, इंदौर, धार, झाबुआ, आलीराजपुर, खरगोन, खंडवा, बड़वानी, उज्जैन, देवास, रतलाम, मंदसौर, नीमच, नर्मदापुरम, बैतूल, हरदा, ग्वालियर, मुरैना, भिंड, दतिया, शिवपुरी, गुना, अशोकनगर, जबलपुर, कटनी, नरसिंहपुर और छिंदवाड़ा सहित कई जिलों में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। वहीं पांढुर्णा, सिवनी, बालाघाट, मंडला, डिंडौरी, रीवा, सतना, सीधी, सिंगरौली, मऊगंज, मैहर, शहडोल, उमरिया, अनूपपुर, सागर, पन्ना, दमोह, छतरपुर, टीकमगढ़ और निवाड़ी में कहीं हल्की तो कहीं तेज बारिश हो सकती है।
मौसम विभाग का कहना है कि जून में कमजोर मानसून के बाद जुलाई की शुरुआत में अच्छी बारिश हुई थी, लेकिन बीच में कई दिनों तक तेज वर्षा नहीं होने से बारिश का कुल आंकड़ा फिर सामान्य से नीचे चला गया। प्रदेश की औसत वार्षिक वर्षा 37.3 इंच मानी जाती है, जिसमें जुलाई का योगदान सबसे अधिक रहता है। ऐसे में आने वाले कुछ दिन मानसून के लिहाज से बेहद अहम माने जा रहे हैं।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved