
शिवपुरी। मध्य प्रदेश के शिवपुरी जिले में बिजली कटौती को लेकर गुस्सा भड़क उठा। ग्रामीणों ने प्रदेश के ऊर्जा मंत्री व जिले के प्रभारी मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर की प्रतीकात्मक अर्थी निकालकर विरोध प्रदर्शन किया। इस दौरान जमकर नारेबाजी भी की गई। वहीं ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि जल्द नियमित बिजली आपूर्ति बहाल नहीं हुई तो उग्र आंदोलन किया जाएगा।
शिवपुरी जिले के करैरा अनुविभाग के सिरसौद गांव में लगातार हो रही बिजली कटौती से परेशान ग्रामीणों का गुस्सा बुधवार को सड़क पर फूट पड़ा। ग्रामीणों ने प्रदेश के ऊर्जा मंत्री एवं शिवपुरी जिले के प्रभारी मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर की फोटो लगी प्रतीकात्मक अर्थी निकालकर विरोध प्रदर्शन किया। इसके बाद उन्होंने प्रतीकात्मक अर्थी को आग लगाकर अपनी नाराजगी जताई।
प्रदर्शन के दौरान ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि लंबे समय से क्षेत्र में अघोषित बिजली कटौती की समस्या बनी हुई है, जिससे आमजन के साथ-साथ किसान भी प्रभावित हो रहे हैं। उनका कहना था कि कई बार शिकायत करने के बावजूद बिजली व्यवस्था में कोई सुधार नहीं हुआ। ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही नियमित बिजली आपूर्ति बहाल नहीं की गई, तो आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved