
अग्निबाण ब्रेकिंग… आज 4 बजे अधिकृतरूप से घोषित होंगे स्वच्छ सर्वेक्षण के परिणाम, 35 सदस्यों का दल दिल्ली पहुंचा
जोड़ीदार के रूप में इंदौर को फिर मिलेगी देशभर में प्रशंसा… मगर कोई अवार्ड नहीं मिलेगा
इंदौर, राजेश ज्वेल
आज 11 बजे की बजाय शाम 4 बजे राष्ट्रपति (President) की मौजूदगी में स्वच्छ भारत सर्वेक्षण (Swachh Bharat Survey) के परिणाम दिल्ली के विज्ञान भवन में घोषित किए जाएंगे। देपालपुर (Depalpur) और इंदौर (Indore) का 35 सदस्यीय दल दिल्ली पहुंच गया है और कल हुई रिहर्सल में भी शामिल हुआ। इस बार सारे पुरस्कार राष्ट्रपति के हाथों वितरित किए जाएंगे। अग्रिबाण सूत्रों के मुताबिक 20 हजार की आबादी वाली श्रेणी में इंदौर का जोड़ीदार देपालपुर नम्बर वन घोषित किया जाएगा और स्वच्छतम शहरों की सूची में विशाखापट्टनम इस बार बाजी मारेगा। वहीं मध्यप्रदेश के जबलपुर शहर को दूसरा स्थान मिल सकता है। सुपर स्वच्छ लीग में शामिल किए गए इंदौर को अलग से कोई अवॉर्ड तो नहीं मिलेगा मगर अंकों में वह अव्वल रहेगा। लगातार 8 बार नम्बर वन आने के बाद इंदौर को स्वच्छतम शहरों की प्रतिस्पर्धा से बाहर कर नई सुपर स्वच्छ लीग में डाला गया था।
केंद्र सरकार की मंशा है कि एक ही शहर को बार-बार नंबर वन घोषित करने की बजाय अन्य शहरों को भी प्रोत्साहित किया जाए, जो स्वच्छता के मामले में अच्छा काम कर रहे हैं। यही कारण है कि पिछले साल केंद्र ने एक नई सुपर स्वच्छ लीग घोषित की, जिसमें इंदौर के साथ-साथ अन्य टॉप-10 की लिस्ट में शामिल शहरों को लिया गया। उन्हें यह जिम्मेदारी दी कि वे किसी अन्य अपने नजदीकी शहर को स्वच्छ बनाएं। लिहाजा इंदौर को देपालपुर की जिम्मेदारी मिली और प्रदेश के 7 स्वच्छ शहर इस स्वच्छ जोड़ी मुकाबले में शामिल हुए। इस लीग में भी तीन श्रेणियां आबादी के मान से रखी गईं। 10 लाख से अधिक आबादी वाली श्रेणी में इंदौर, नवी मुंबई, विजयवाड़ा और सूरत को शामिल किया गया, तो 3 से 10 लाख वाली आबादी में उज्जैन, चंडीगढ़, नोएडा, गांधीनगर और मैसूर रहे। वहीं 50 हजार से 3 लाख वाली श्रेणी में अंबिकापुर, लोनावाला, नई दिल्ली निगम, तिरुपति और कुल्लम पहले स्थान पर रहे हैं। अब इसमें 20 हजार की आबादी वाली श्रेणी में देपालपुर को नंबर वन आज घोषित किया जाएगा, क्योंकि जो मापदंड इसके लिए तय किए गए, उन सबमें देपालपुर अव्वल रहा है। हालांकि, इसका पूरा श्रेय इंदौर निगम को जाता है, जिसने सालभर में ही देपालपुर को कूड़े के ढेर से उठाकर स्वच्छ शहर की सूची में नंबर वन बना दिया। सूत्रों का कहना है कि 50 हजार की आबादी वाले जोड़ीदार शहरों की सूची में अहमदाबाद और साणंद को पहला पुरस्कार मिलेगा। सुपर स्वच्छ लीग में तीनों श्रेणियों में नंबर वन के अलग-अलग अवॉर्ड दिए जाएंगे, जिसमें छोटे शहर के रूप में देपालपुर नंबर वन रहेगा और इसी के साथ जो स्वच्छतम शहरों के अवॉर्ड घोषित होंगे, उसमें विशाखापट्टनम इस बार बाजी मार सकता है। नंबर वन पर विशाखापट्टनम के आने की संभावना है। वहीं मध्यप्रदेश का जबलपुर शहर दूसरे नंबर पर रहेगा। उल्लेखनीय है कि जबलपुर भी गंदा शहर था, मगर इंदौर विकास प्राधिकरण के मुख्य कार्यपालन अधिकारी रहे आरपी अहिरवार जब जबलपुर निगम कमिश्नर बनकर गए तो उन्होंने इंदौर से लिए अनुभव के आधार पर जबलपुर को भी चकाचक कर डाला और स्वच्छ शहरों की सूची में तेजी से जबलपुर आगे निकल गया। यही कारण है कि पिछले दिनों शासन ने श्री अहिरवार को भोपाल निगम कमिश्नर बनाकर पदस्थ किया, जहां की साफ-सफाई पिछड़ गई थी और इस बार भी स्वच्छ शहरों की सूची में भोपाल इसी लिए पीछे रह गया। यह भी उल्लेखनीय है कि अग्निबाण ने ही कल यह भी खुलासा किया था कि स्वच्छ सर्वेक्षण के परिणाम 11 बजे नहीं, बल्कि 4 बजे से घोषित किए जाएंगे। आज नई दिल्ली के विज्ञान भवन में राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मू की मौजूदगी में सुपर स्वच्छ लीग के साथ स्वच्छतम शहरों के अवॉर्ड भी दिए जा रहे हैं, जिसके चलते देपालपुर से 15 और इंदौर निगम से 20 सदस्यों की टीम नई दिल्ली पहुंच गई है। विभागीय मंत्री, महापौर, निगमायुक्त सहित महापौर परिषद के सदस्य और देपालपुर के सीएमओ के अलावा सफाई मित्र, एनजीओ के सदस्य भी दिल्ली पहुंच गए हैं। कल रिहर्सल में भी ये सदस्य शामिल हुए। देपालपुर को नंबर वन बनाने वाले इंदौर की एक बार फिर देशभर में स्वच्छता को लेकर प्रशंसा होगी। हालांकि, उसे अलग से कोई अवॉर्ड नहीं मिल रहा है। अलबत्ता सुपर स्वच्छ लीग में वह बना रहेगा और अंकों के आधार पर अवश्य 9वीं बार इंदौर के पास नंबर वन का तमगा कायम रह सकता है।
आज तीन स्थानों पर निगम दिखाएगा सीधा प्रसारण
आज 4 बजे से स्वच्छ सर्वेक्षण 2026 के अवॉर्ड वितरण का आयोजन नई दिल्ली के विज्ञान भवन में हो रहा है। हर साल की तरह नगर निगम इस बार भी इस अवॉर्ड समारोह और स्वच्छता के परिणामों को आम जनता को दिखाने के इंतजाम कर रहा है। इंदौर नगर निगम मुख्यालय में सफाई मित्र यूनियनों द्वारा भी जहां जश्र मनाया जाएगा वहीं निगम ने टीवी स्क्रीन लगाकर सीधा प्रसारण दिखाने की व्यवस्था भी की है। इसी तरह राजवाड़ा और छप्पन दुकान पर भी बड़ी स्क्रीन लगाकर इस अवॉर्ड वितरण समारोह का सीधा प्रसारण दिखाया जाएगा। आज सुबह से निगम ने इसकी तैयारी भी कर ली है। वहीं महापौर पुष्यमित्र भार्गव ने इंदौर के साथ-साथ देपालपुर की जनता का भी आभार मानते हुए बधाई दी है। 1 साल में ही इंदौर ने 45 किलोमीटर दूर स्थित देपालपुर को भी चकाचक कर दिया और जिस तरह इंदौर के ट्रेंचिंग ग्राउंड पर वर्षों से जमा कचरे के पहाड़ को कुछ वर्ष पूर्व खत्म किया था उसी तरह देपालपुर में भी लगभग 1500 टन पुराने कचरे को खत्म कर जीरो वेस्ट एरिया विकसित किया और घर-घर से कचरा एकत्रित करने के साथ देपालपुर के लोगों को भी स्वच्छता सीखा दी।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved